
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, चित्रकूट : महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय के सीएमसीएलडीपी सभागार में प्रवेश सत्र 2026-27 के नवप्रवेशित पीएचडी शोधार्थियों का दीक्षारंभ कार्यक्रम कुलगुरु प्रो. आलोक चौबे की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन पीएचडी पाठ्यक्रम के वरिष्ठ शोधार्थियों द्वारा किया गया। इसमें नवागंतुक शोधार्थियों को विश्वविद्यालय की अकादमिक परंपराओं, शोध प्रविधियों और संस्थान के मूल उद्देश्यों से परिचित कराया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। छात्राओं ने वंदे मातरम् का गायन किया। प्रारंभ में शोध निदेशालय के निदेशक प्रो. सुधाकर प्रसाद मिश्रा ने कुलगुरु का शॉल एवं श्रीफल भेंटकर स्वागत किया। वहीं कुलसचिव प्रो. आंजनेय पांडेय और संकायों के अधिष्ठाताओं का पुष्पगुच्छ भेंटकर अभिनंदन किया गया।

नवप्रवेशित शोधार्थियों को संबोधित करते हुए कुलगुरु प्रो. आलोक चौबे ने कहा कि चित्रकूट की पावन भूमि भगवान श्रीराम के वनवास काल से जुड़ी प्रेरणाओं की साक्षी है। विश्वविद्यालय के संस्थापक भारत रत्न नानाजी देशमुख का जीवन भी राष्ट्रसेवा और सामाजिक समर्पण का आदर्श है। शोधार्थियों को इन मूल्यों से प्रेरणा लेकर समाज की वास्तविक समस्याओं और आवश्यकताओं पर शोध करना चाहिए। शोध केवल उपाधि प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान का जरिया होना चाहिए।
कुलसचिव प्रो. आंजनेय पांडेय ने गुणवत्तापूर्ण शोध के लिए आधुनिक तकनीकों, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और शोध प्रविधियों के व्यावहारिक ज्ञान को आवश्यक बताया। वहीं प्रो. सुधाकर प्रसाद मिश्रा ने यूजीसी के शोध संबंधी नियमों, प्रावधानों और नियमित उपस्थिति की अनिवार्यता की जानकारी दी।
सुशील मिश्रा ने विश्वविद्यालय के बोध वाक्य ‘विश्वं ग्रामे प्रतिष्ठम्’ और ग्राम अवधारणा के महत्व को समझाया। कार्यक्रम का संचालन शोधार्थी जय नारायण पांडेय ने किया। समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।