बीबीएयू में राष्ट्रीय संगोष्ठी: ग्रामीण विकास और रोजगार सृजन में सहकारिता की भूमिका पर मंथन

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) में 18 नवंबर 2026 को अर्थशास्त्र विभाग की ओर से भारतीय किसान उर्वरक सहकारी लिमिटेड के सहयोग से राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। ‘भारत में सहकारिता का भविष्य एवं ग्रामीण विकास को सशक्त बनाने में सहकारी समितियों की उभरती भूमिका : उत्तर प्रदेश के विशेष संदर्भ में’ विषय पर आयोजित संगोष्ठी की अध्यक्षता कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने की। मुख्य वक्ता के रूप में प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के संयुक्त सचिव डॉ. के.के. त्रिपाठी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और बाबा साहेब के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। कुलपति प्रो. मित्तल ने कहा कि ग्रामीण विकास और समावेशी आर्थिक प्रगति में सहकारिता आंदोलन की महत्वपूर्ण भूमिका है। सहकारिता केवल आर्थिक गतिविधि नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सामूहिक जिम्मेदारी और परस्पर सहयोग की विचारधारा है। उन्होंने युवाओं से रोजगार मांगने के बजाय रोजगार सृजित करने वाले बनने तथा उद्यमिता और नवाचार को अपनाने का आह्वान किया।

मुख्य वक्ता डॉ. के.के. त्रिपाठी ने कहा कि सहकारी संस्थाओं की सफलता के लिए लोकतांत्रिक शासन व्यवस्था, व्यावसायिक प्रबंधन, पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी है। उन्होंने वित्तीय अनुशासन, नियमित ऑडिट, कौशल विकास और प्रभावी नेतृत्व को संस्थागत मजबूती का आधार बताया।

भारतीय प्रबंधन संस्थान, अहमदाबाद के प्रो. संजय वर्मा ने कहा कि सहकारिता व्यक्तिगत प्रयासों को सामूहिक शक्ति में बदलकर ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ाती है। वहीं डॉ. बीआर अम्बेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के प्रो. वेद प्रकाश त्रिपाठी ने सहकारिता को सामाजिक समरसता, आत्मविश्वास और सामूहिक सशक्तीकरण का माध्यम बताया।

कार्यक्रम में प्रो. सनातन नायक ने संगोष्ठी की रूपरेखा प्रस्तुत की। संयोजक प्रो. ओम प्रकाश शुक्ला ने स्वागत किया तथा प्रो. एस. विक्टर बाबू ने आभार व्यक्त किया। अंत में सहकारिता के भविष्य और ग्रामीण विकास में इसकी भूमिका पर पैनल चर्चा हुई। इसमें शिक्षक, शोधार्थी और विद्यार्थी शामिल हुए।

Related Articles

Back to top button