बीबीएयू के एमबीए ग्रामीण प्रबंधन के विद्यार्थियों ने किया पराग डेयरी प्लांट का औद्योगिक भ्रमण

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) के प्रबंधन अध्ययन विभाग के एमबीए (ग्रामीण प्रबंधन) पाठ्यक्रम के विद्यार्थियों ने 18 नवंबर 2026 को सुल्तानपुर रोड स्थित पराग डेयरी प्लांट का औद्योगिक भ्रमण किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने हरी झंडी दिखाकर विद्यार्थियों के दल को रवाना किया।

कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर वास्तविक औद्योगिक परिस्थितियों और उत्पादन प्रक्रियाओं को समझने का अवसर प्रदान करते हैं। इससे उनमें उद्यमशीलता, नवाचार और प्रबंधकीय कौशल का विकास होता है तथा वे भविष्य की व्यावसायिक चुनौतियों के लिए तैयार होते हैं।

प्रबंधन अध्ययन विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. तरुणा ने कहा कि औद्योगिक भ्रमण पाठ्यक्रम आधारित मूल्यांकन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। पराग डेयरी का भ्रमण ग्रामीण प्रबंधन के विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से उपयोगी है। इसके माध्यम से उन्हें डेयरी उद्योग, दुग्ध प्रसंस्करण, गुणवत्ता नियंत्रण, सहकारी प्रबंधन और ग्रामीण आपूर्ति श्रृंखला की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त हुई।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने दूध के संग्रहण, परिवहन, प्रसंस्करण, गुणवत्ता परीक्षण, पैकेजिंग, भंडारण और वितरण की संपूर्ण प्रक्रिया को नजदीक से देखा। डेयरी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें आधुनिक मशीनों और स्वचालित तकनीकों से दूध, पनीर, छाछ, दही तथा पेड़ा जैसे उत्पाद तैयार करने की प्रक्रिया समझाई।

इसके साथ ही विद्यार्थियों को खाद्य सुरक्षा मानकों, स्वच्छता, निर्धारित तापमान पर दूध के प्रसंस्करण और उत्पादों की गुणवत्ता बनाए रखने की जानकारी दी गई।

इस शैक्षणिक भ्रमण में विभाग के शिक्षक डॉ. कृष्ण मुरारी, डॉ. कल्याणी उपाध्याय एवं डॉ. अफरीन फातिमा भी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को उत्पादन, प्रबंधन और आपूर्ति श्रृंखला के विभिन्न पहलुओं को समझने में मार्गदर्शन दिया।

Related Articles

Back to top button