
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, मुंबई : एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस ने 30 सितंबर, 2026 को समाप्त अवधि में शानदार वित्तीय प्रदर्शन दर्ज करते हुए 1,274 करोड़ रुपये का कर-पश्चात लाभ अर्जित किया है। यह पिछले वर्ष की समान अवधि के 1,089 करोड़ रुपये की तुलना में 17 प्रतिशत अधिक है। कंपनी का नया बिजनेस प्रीमियम भी बढ़कर 20,259 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 18,349 करोड़ रुपये था।
कंपनी के अनुसार, नियमित प्रीमियम में सालाना आधार पर 21 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। सुरक्षा बीमा कारोबार में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई। प्रोटेक्शन न्यू बिजनेस प्रीमियम 46 प्रतिशत बढ़कर 3,235 करोड़ रुपये पहुंच गया, जबकि व्यक्तिगत प्रोटेक्शन न्यू बिजनेस प्रीमियम 20 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 446 करोड़ रुपये रहा। व्यक्तिगत नया बिजनेस प्रीमियम 13 प्रतिशत बढ़कर 13,732 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
कंपनी का वार्षिकीकृत प्रीमियम समतुल्य (एपीई) 18 प्रतिशत बढ़कर 11,746 करोड़ रुपये हो गया। वहीं, नए कारोबार का मूल्य (वीओएनबी) 19 प्रतिशत बढ़कर 3,274 करोड़ रुपये रहा और वीओएनबी मार्जिन 27.9 प्रतिशत दर्ज किया गया। कंपनी की इंडियन एंबेडेड वैल्यू भी 15 प्रतिशत बढ़कर 87,349 करोड़ रुपये पहुंच गई।
30 सितंबर, 2026 तक एसबीआई लाइफ का प्रबंधनाधीन परिसंपत्तियों (एयूएम) का आकार नौ प्रतिशत बढ़कर 5,27,120 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी का सॉल्वेंसी अनुपात 1.97 रहा, जबकि नियामकीय आवश्यकता 1.50 है। कंपनी के ऋण निवेश का 94 प्रतिशत हिस्सा एएए रेटिंग वाले और सरकारी प्रतिभूतियों जैसे निवेश साधनों में लगा हुआ है।
एसबीआई लाइफ के देशभर में 1,244 कार्यालय हैं और इसके वितरण नेटवर्क में 3,94,574 प्रशिक्षित बीमा पेशेवर शामिल हैं। कंपनी बैंकएश्योरेंस, एजेंसी और डिजिटल माध्यमों सहित विभिन्न वितरण चैनलों के जरिए ग्राहकों तक अपनी पहुंच बढ़ा रही है। कंपनी के प्रदर्शन में बढ़ोतरी बीमा कारोबार के विस्तार और सुरक्षा उत्पादों की मांग को दर्शाती है।