
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, मुंबई : अभिनेता अनिल कपूर की जोशपूर्ण मेजबानी, हाज़िरजवाबी और प्रतिभागियों के साथ आत्मीय बातचीत वाला क्विज़ शो ‘इंडिया के टॉप 1%’ दर्शकों के बीच अपनी खास पहचान बना रहा है। स्टार प्लस पर प्रसारित हो रहे इस शो के पहले छह एपिसोड में तीन विजेता सामने आए हैं। शो की शुरुआत में ही बिजल शाह ने 94 लाख रुपये की राशि जीतकर शानदार प्रदर्शन किया।
जियोस्टार के आंकड़ों के अनुसार, गैर-सेलिब्रिटी गेम शोज़ की श्रेणी में यह पिछले एक दशक का भारत का सबसे बड़ा फैमिली गेम शो बनकर उभरा है। शो की लोकप्रियता टेलीविजन तक सीमित नहीं है। जियोहॉटस्टार के ‘प्ले अलॉन्ग’ फीचर के माध्यम से अब तक 2.20 लाख से अधिक दर्शक इसमें भाग ले चुके हैं। इस फीचर के जरिए दर्शक घर बैठे अपनी तर्कशक्ति परख सकते हैं और स्मार्टफोन तथा स्मार्ट टीवी जीतने का मौका भी पा सकते हैं।
बीबीसी स्टूडियोज यूके के सहयोग से बनिजय एशिया द्वारा निर्मित यह शो पारंपरिक क्विज़ कार्यक्रमों से अलग है। इसमें प्रतिभागियों को तर्कशक्ति, सूक्ष्म अवलोकन, सूझबूझ और सामान्य समझ के आधार पर सवालों के जवाब देने होते हैं। इसका उद्देश्य परिवारों को मनोरंजन के साथ मिलकर सोचने और सीखने का अवसर देना है।
शो की सफलता पर खुशी जताते हुए अनिल कपूर ने दर्शकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि देशभर से मिल रहा प्यार और परिवारों का साथ बैठकर शो देखना उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने बताया कि घर पर भी उनकी पत्नी सुनीता और बेटियां सोनम व रिया सवालों के जवाब देने में हिस्सा लेती हैं। उनके मुताबिक, सोनम अक्सर सही जवाब देकर उन्हें कड़ी टक्कर देती हैं।

बनिजय एशिया के संस्थापक एवं ग्रुप सीईओ दीपक धर ने कहा कि शो की सफलता मनोरंजन और पारिवारिक भागीदारी के प्रभावी मेल को दर्शाती है।
‘इंडिया के टॉप 1%’ हर शनिवार और रविवार रात आठ बजे स्टार प्लस पर प्रसारित होता है। इसे जियोहॉटस्टार पर भी देखा जा सकता है।
