बीबीएयू में स्वास्थ्य शिविर आयोजित, 100 से अधिक छात्रों / लोगों की हुई जांच

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ में विश्वविद्यालय स्वास्थ्य केंद्र एवं आरोग्य बोन एंड जॉइंट क्लिनिक के संयुक्त तत्वावधान में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य विश्वविद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों, गैर-शिक्षण कर्मचारियों और उनके परिवारजनों को स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ हड्डियों एवं जोड़ों से संबंधित बीमारियों के प्रति जागरूक करना था।

शिविर में विश्वविद्यालय के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास श्रीवास्तव उपस्थित रहे। वहीं, आरोग्य बोन एंड जॉइंट क्लिनिक की ओर से डॉ. पूरन प्रसाद गुप्ता और उनकी टीम ने लोगों की स्वास्थ्य जांच की। शिविर के दौरान 100 से अधिक लोगों ने बोन मिनरल डेंसिटी (बीएमडी) सहित हड्डियों एवं जोड़ों से संबंधित विभिन्न जांच कराईं।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास श्रीवास्तव ने कहा कि स्वस्थ जीवनशैली बनाए रखने के लिए समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराना बेहद जरूरी है। विशेष रूप से हड्डियों और जोड़ों से जुड़ी समस्याओं की समय रहते पहचान होने पर उचित उपचार और जरूरी सावधानियां अपनाई जा सकती हैं।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से लोगों को अपनी सेहत के प्रति जागरूक होने और आवश्यक जांच कराने का अवसर मिलता है। विश्वविद्यालय परिसर में इस प्रकार की पहल शिक्षकों, विद्यार्थियों और कर्मचारियों को सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

शिविर में विश्वविद्यालय के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जांच के साथ-साथ हड्डियों एवं जोड़ों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

विश्वविद्यालय स्वास्थ्य केंद्र और आरोग्य बोन एंड जॉइंट क्लिनिक की इस संयुक्त पहल का उद्देश्य विश्वविद्यालय समुदाय में नियमित स्वास्थ्य जांच की आदत को प्रोत्साहित करना तथा स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा।

Related Articles

Back to top button