
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 में उत्तर प्रदेश के शहरों ने नगरीय स्वच्छता और बेहतर प्रबंधन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय सम्मान समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शहरों को सम्मानित किया। इस उपलब्धि पर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे सफाई मित्रों, नगरीय निकायों और आम नागरिकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया।
मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि इस वर्ष लखनऊ ने देश के तीन सबसे स्वच्छ बड़े शहरों में अपना स्थान बरकरार रखा है। वहीं, धार्मिक एवं सांस्कृतिक नगरी वाराणसी ने देश के तीन सर्वश्रेष्ठ नदी तटीय नगरों में जगह बनाई है। इसके अलावा गाजियाबाद प्रदेश के सबसे स्वच्छ नगर के रूप में उभरा है। उन्होंने कहा कि ये उपलब्धियां प्रदेश में बदलते नगरीय स्वरूप और बेहतर प्रबंधन को दर्शाती हैं।

मंत्री ने कहा कि यह सम्मान केवल शहरों का नहीं, बल्कि उन लाखों सफाई मित्रों, नगर निगमों, नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों के कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के अथक परिश्रम का परिणाम है, जो शहरों को स्वच्छ और सुंदर बनाने में जुटे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन ने स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शहरों को स्वच्छ, व्यवस्थित और नागरिकों के लिए सुविधाजनक बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है।
मंत्री के अनुसार, प्रदेश में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण, स्वच्छ सार्वजनिक स्थलों और आधुनिक नगरीय सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने सफाई मित्रों के योगदान की सराहना करते हुए सभी नगरीय निकायों से उपलब्धियों को बनाए रखने और स्वच्छता के नए लक्ष्य हासिल करने का आह्वान किया।

समारोह में लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, प्रमुख सचिव पी. गुरु प्रसाद, सचिव एवं निदेशक नगरीय निकाय अनुज कुमार झा तथा नगर आयुक्त गौरव कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
