
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, नई दिल्ली : मशहूर बाल साहित्यकार डॉ. स्यूस की लोकप्रिय किताब ‘द कैट इन द हैट’ अब बड़े पर्दे पर एक नए और रोमांचक अंदाज में दर्शकों के सामने आने जा रही है। वार्नर ब्रदर्स पिक्चर्स एनिमेशन की इस एनिमेटेड फीचर फिल्म में जादू, शरारत, रोमांच और हास्य का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। यह फिल्म डॉ. स्यूस की रचनाओं पर आधारित पहली एनिमेटेड थिएटर फीचर फिल्म के रूप में पेश की जा रही है।

फिल्म में लोकप्रिय अभिनेता बिल हैडर ने शरारती और मजेदार कैट के किरदार को अपनी आवाज दी है। उनके साथ मैट बेरी, क्विंटा ब्रूनसन, जोचिटल गोमेज़, जियानकार्लो एस्पोसिटो, अमेरिका फेरेरा, टाइटस बर्गेस, बोवेन यांग, पाउला पेल और टियागो मार्टिनेज भी अपनी आवाजों के जरिए किरदारों को जीवंत करेंगे। फिल्म का निर्देशन एरिका रिविनोजा और एलेसेंड्रो कार्लोनी ने किया है। इसकी पटकथा दोनों निर्देशकों ने तैयार की है, जबकि कैरोलीन विलियम्स ने स्क्रीन स्टोरी लिखी है।

फिल्म में अमेरिका फेरेरा दो बच्चों की मां की भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने बताया कि डॉ. स्यूस की किताबें उनके बचपन और उनके बच्चों के जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा रही हैं। उनके अनुसार, फिल्म में मां के किरदार की पृष्ठभूमि को विस्तार देना इसकी खासियत है। उन्होंने कहा कि कहानी के माध्यम से दर्शकों को उस सवाल का जवाब भी मिलेगा, जो मूल किताब के अंत में उठाया गया था।
फिल्म में मूल पुस्तक की कल्पनाशील दुनिया को और विस्तार देते हुए दर्शकों को एक नए रोमांचक सफर पर ले जाया जाएगा।

वार्नर ब्रदर्स पिक्चर्स द्वारा वितरित यह फिल्म 6 नवंबर 2026 को भारत के सिनेमाघरों में अंग्रेजी और हिंदी भाषाओं में रिलीज होगी। दर्शक इसका आनंद 3डी प्रारूप में भी उठा सकेंगे।

