
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, बरेली : मंडल रेल प्रबंधक इज्जतनगर सुश्री वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन में मंडल रेल प्रशासन ने पेंशनभोगियों की सुविधा और कल्याण के लिए काशीपुर एवं कन्नौज रेलवे स्टेशनों पर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र शिविरों का आयोजन किया। इन शिविरों के माध्यम से कुल 47 पेंशनभोगियों के डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाए गए।
रेल प्रशासन की इस पहल का मुख्य उद्देश्य सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की प्रक्रिया सरल एवं सुविधाजनक बनाना है, ताकि उन्हें प्रमाण पत्र जमा करने के लिए अनावश्यक भागदौड़ न करनी पड़े।
डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र की सुविधा के तहत पेंशनभोगी घर बैठे अथवा रेलवे द्वारा आयोजित शिविरों में पहुंचकर ऑनलाइन अपना जीवन प्रमाण पत्र प्रस्तुत कर सकते हैं। इससे उन्हें समय और श्रम की बचत के साथ डिजिटल सेवाओं का लाभ मिल रहा है।
मंडल रेल प्रशासन की इस पहल से पेंशनभोगियों को सरकारी प्रक्रियाओं में होने वाली परेशानियों से राहत मिल रही है। रेलवे का प्रयास है कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए उनकी समस्याओं का सहज समाधान किया जा सके।
