मौलाना आजाद के विचार आज भी प्रासंगिक, शिक्षा और सांप्रदायिक सौहार्द के क्षेत्र में योगदान अविस्मरणीय : मोना

अशोक यादव, लखनऊ : देश के प्रथम शिक्षा मंत्री, महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं भारत रत्न मौलाना अबुल कलाम आजाद की जयंती की पूर्व संध्या पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अल्पसंख्यक विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने की। कार्यक्रम की शुरुआत मौलाना आजाद के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर हुई।

गोष्ठी को संबोधित करते हुए आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने कहा कि मौलाना अबुल कलाम आजाद स्वतंत्रता संग्राम के अग्रणी योद्धा और आधुनिक भारत की शिक्षा व्यवस्था के शिल्पकार थे। देश के पहले शिक्षा मंत्री के रूप में उन्होंने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) और भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर) जैसी महत्वपूर्ण संस्थाओं की नींव रखकर शिक्षा, ज्ञान और विज्ञान के क्षेत्र में देश को आगे बढ़ाने का मार्ग प्रशस्त किया।

उन्होंने कहा कि मौलाना आजाद जीवनभर हिंदू-मुस्लिम एकता, सांप्रदायिक सौहार्द और लोकतांत्रिक मूल्यों के पक्षधर रहे। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सबसे युवा अध्यक्ष के रूप में उनका योगदान और भारत छोड़ो आंदोलन सहित स्वतंत्रता संग्राम में उनकी भूमिका सदैव याद की जाएगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में मौलाना आजाद के विचार और अधिक प्रासंगिक हो गए हैं।

अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन एवं पूर्व विधायक सोहिल अख्तर अंसारी ने कहा कि मौलाना आजाद शिक्षा को वैज्ञानिक दृष्टिकोण, समानता और भाईचारा विकसित करने का सशक्त माध्यम मानते थे।

गोष्ठी में उपस्थित कांग्रेसजनों ने देश की एकता, अखंडता और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया।

इस अवसर पर पूर्व सांसद कुंवर दानिश अली, शिव पांडेय, संजय शर्मा, आसिफ रिजवी रिंकू, सिद्धिश्री, अमित श्रीवास्तव त्यागी, डॉ. शहजाद आलम, सैफ अली नकवी सहित सैकड़ों कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button