बीबीएयू में दो दिवसीय कार्यशाला का समापन, विशेषज्ञों ने सतत विकास और कचरा प्रबंधन पर दिया जोर

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) के पर्यावरण विज्ञान विभाग की ओर से ‘विकसित भारत के लक्ष्य की प्राप्ति में अपशिष्ट पुनर्चक्रण एवं चक्रीय अर्थव्यवस्था की भूमिका’ विषय पर आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला का 27 नवंबर को समापन हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेंटर फॉर इनोवेशन, इनक्यूबेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप के अध्यक्ष प्रो. नवीन कुमार अरोड़ा ने की। इस अवसर पर आईआईटी गुवाहाटी के प्रो. अजय कलमधाड़, प्रो. शिखा, आईआईटी इंदौर के डॉ. मयूर एस. जैन तथा एसवीएनआईटी सूरत के डॉ. के.डी. यादव और डॉ. राजेश सिंह उपस्थित रहे।

प्रो. नवीन कुमार अरोड़ा ने कहा कि सतत उत्पादन, पुनर्चक्रण और प्रकृति आधारित समाधान पर्यावरण संरक्षण के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। कचरे को लैंडफिल में भेजने के बजाय उसका पुनः उपयोग कर आर्थिक और पर्यावरणीय लाभ प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने उत्पादन प्रक्रिया में कार्बन उत्सर्जन के आकलन और संसाधनों के अधिकतम उपयोग पर भी जोर दिया।

आईआईटी गुवाहाटी के प्रो. अजय कलमधाड़ ने अपशिष्ट जल प्रबंधन में शोध की संभावनाओं पर चर्चा करते हुए विद्यार्थियों को बीओडी, सीओडी और उभरते प्रदूषकों पर शोध करने के लिए प्रेरित किया। वहीं, आईआईटी इंदौर के डॉ. मयूर एस. जैन ने घरों और आवासीय परिसरों में गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण को आवश्यक बताया।

डॉ. के.डी. यादव ने शोधार्थियों से वास्तविक क्षेत्रीय समस्याओं पर शोध कर व्यावहारिक समाधान तलाशने का आह्वान किया। प्रो. शिखा ने कार्यशाला की रिपोर्ट प्रस्तुत की। संयोजक डॉ. जीवन सिंह ने विद्यार्थियों से सतत विकास के लिए नवाचार अपनाने की अपील की।

समापन अवसर पर पेपर प्रस्तुत करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र दिए गए तथा अतिथियों को स्मृति चिह्न और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। डॉ. राजेश सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में शिक्षक, शोधार्थी और विद्यार्थी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button