संविधान दिवस पर 3300 छात्र-छात्राओं ने एक स्वर में किया प्रस्तावना का पाठ, ‘एक स्वर-एक संविधान’ कार्यक्रम आयोजित

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : संविधान दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यपालक अध्यक्ष के दिशा-निर्देशानुसार संचालित ‘संविधान संवाद अभियान’ के अंतर्गत गुरुवार को राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज, सुभाष मार्ग (निकट सिटी स्टेशन), लखनऊ में ‘एक स्वर-एक संविधान’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में लगभग 3300 छात्र-छात्राओं ने सामूहिक रूप से भारतीय संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती सोनाली पूनिया ने बताया कि कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद न्यायाधीश मलखान सिंह ने की। इस दौरान उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों को संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराया। छात्र-छात्राओं ने एक स्वर में प्रस्तावना का वाचन करते हुए संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता एवं बंधुता के आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की सदस्य सचिव श्रीमती मनु कालिया विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए संवैधानिक मूल्यों के महत्व को समझने और उन्हें अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर लखनऊ जनपद न्यायालय के समस्त न्यायिक अधिकारी भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती सोनाली पूनिया के पर्यवेक्षण में जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र पांडेय तथा राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सुमित श्रीवास्तव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी में संविधान के प्रति सम्मान, संवैधानिक अधिकारों एवं नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। ‘एक स्वर-एक संविधान’ कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन का संदेश दिया गया।

Related Articles

Back to top button