1.33 लाख परिषदीय विद्यालयों में मनाया गया संविधान दिवस, 1.42 करोड़ विद्यार्थियों ने किया प्रस्तावना का सामूहिक वाचन

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व एवं बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह के मार्गदर्शन में प्रदेशभर के परिषदीय एवं माध्यमिक विद्यालयों में 26 नवंबर को संविधान दिवस उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को संवैधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक परंपराओं और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया गया।

प्रदेश के 1.33 लाख परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले लगभग 1.42 करोड़ विद्यार्थियों ने विभिन्न कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यालयों की प्रातःकालीन प्रार्थना सभाओं में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। बच्चों को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के महत्व से परिचित कराया गया।

इस अवसर पर राजधानी लखनऊ स्थित बेसिक शिक्षा निदेशालय के परियोजना कार्यालय और माध्यमिक शिक्षा निदेशालय में भी संविधान दिवस मनाया गया। यहां अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान की प्रस्तावना का पाठ कर संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

विद्यालयों में विशेष परिचर्चाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान सभा की भूमिका, सदस्यों के योगदान और संविधान निर्माण की ऐतिहासिक यात्रा की जानकारी दी गई। कार्यक्रम को रोचक बनाने के लिए पोस्टर, चित्रकला, बुकमार्क, बैज और कोलाज निर्माण जैसी रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने अपनी कलाकृतियों के माध्यम से संविधान के मूल सिद्धांतों और राष्ट्रीय मूल्यों को प्रदर्शित किया।

इसके साथ ही बच्चों को मौलिक अधिकारों एवं नागरिक कर्तव्यों की जानकारी देते हुए सामाजिक समरसता, विविधता में एकता और राष्ट्रीय अखंडता का संदेश दिया गया। कार्यक्रमों की गतिविधियों एवं सहभागिता का विवरण डिजिटल माध्यम से भी दर्ज किया गया।

इस पहल का उद्देश्य शिक्षा के साथ विद्यार्थियों में संवैधानिक चेतना और जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करना है।

Related Articles

Back to top button