संविधान देश के लोकतंत्र की आत्मा और एकता-अखंडता का मजबूत आधार – केशव प्रसाद मौर्य

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भारतीय संविधान देश के लोकतंत्र की आत्मा और भारत की एकता एवं अखंडता का मजबूत आधार है। संविधान ने प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, अवसर और सम्मान के साथ आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त किया है। इसके मूल सिद्धांत सामाजिक न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व पर आधारित हैं। हमें इन आदर्शों को अपने जीवन और व्यवहार में आत्मसात करना चाहिए।

उप मुख्यमंत्री गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की गरिमामयी उपस्थिति में लोक भवन में आयोजित संविधान दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठ किया और प्रदेशवासियों को संविधान दिवस की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में डॉ. भीमराव आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के अंतर्गत प्रदेश में बाबासाहेब की प्रतिमाओं एवं उनसे जुड़े स्थलों के सौंदर्यीकरण और संरक्षण कार्यों का शुभारंभ किया गया। साथ ही प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

मौर्य ने संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर एवं संविधान सभा के सदस्यों को नमन करते हुए कहा कि बाबासाहेब ने ऐसा संविधान दिया, जिसमें प्रत्येक व्यक्ति को अपनी प्रतिभा और योग्यता के बल पर आगे बढ़ने का अवसर मिला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बाबासाहेब के जीवन से जुड़े पांच महत्वपूर्ण स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित किया गया है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में 4,000 से अधिक स्थानों पर बाबासाहेब की प्रतिमाओं एवं उनके नाम से जुड़े पार्कों का सौंदर्यीकरण और संरक्षण किया जा रहा है। सरकार सामाजिक समरसता और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान केवल कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश को एक सूत्र में बांधने वाली व्यवस्था है। इसकी सफलता नागरिकों द्वारा अधिकारों के साथ कर्तव्यों का पालन करने में निहित है।

समारोह में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, राज्य मंत्री असीम अरुण, मुख्य सचिव एसपी गोयल, पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button