
अनुपूरक न्यूज़ एजेंसी, लखनऊ : नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने नगर विकास विभाग की वन टाइम सेटलमेंट (ओटीएस) योजना के तहत आयोजित कैंपों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नागरिकों से संवाद कर योजना के लाभ और उनके अनुभवों की जानकारी ली। उन्होंने लोगों से अपील की कि नगर निगम लखनऊ द्वारा योजना की अवधि 15 दिसंबर 2026 तक बढ़ाए जाने का लाभ उठाकर अपने बकाया कर का भुगतान करें और ब्याज एवं सरचार्ज में 100 प्रतिशत छूट प्राप्त करें।
मंत्री ने सर्वप्रथम इंदिरा नगर के मुंशी पुलिया स्थित जोन-7 में आयोजित ओटीएस कैंप का निरीक्षण किया। यहां नागरिकों ने बताया कि योजना के तहत ब्याज एवं सरचार्ज में पूरी छूट मिलने से वर्षों से लंबित कर का भुगतान करना आसान हो गया है। लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
इसके बाद शर्मा इंदिरा नगर स्थित श्री झूलेलाल ट्रस्ट भवन में आयोजित कैंप पहुंचे। उन्होंने उपस्थित नागरिकों को योजना की जानकारी दी और उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने। नागरिकों ने कहा कि इस योजना से बकाया कर भुगतान में बड़ी आर्थिक राहत मिल रही है।
मंत्री ने बताया कि ओटीएस योजना के अंतर्गत नागरिक अपने बकाया गृहकर, जलकर एवं सीवरकर का भुगतान कर ब्याज और सरचार्ज में 100 प्रतिशत छूट प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने लोगों से 15 दिसंबर 2026 तक इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आग्रह किया।
शर्मा ने कहा कि सरकार और नगर निगम का उद्देश्य नागरिकों को आर्थिक राहत देना तथा उनकी समस्याओं का समाधान करना है। यह योजना नागरिकों को राहत देने के साथ नगर निगम के राजस्व संग्रह को बेहतर बनाने में भी सहायक होगी।
