
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर 23 से 26 नवंबर तक यूपी दर्शन पार्क, गोमती नगर में आयोजित चार दिवसीय अंतरराष्ट्रीय जनजाति भागीदारी उत्सव-2026 का भव्य समापन हुआ। उत्सव में देश-विदेश की जनजातीय कला, संस्कृति, लोक परंपराओं, संगीत, नृत्य और हस्तशिल्प की आकर्षक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह रहे। इस अवसर पर समाज कल्याण एवं अनुसूचित जाति-जनजाति कल्याण मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण तथा परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह भी उपस्थित रहे।
उत्तर प्रदेश लोक एवं जनजाति संस्कृति संस्थान, लखनऊ द्वारा आयोजित इस उत्सव का उद्देश्य जनजातीय सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण एवं संवर्धन तथा कलाकारों को व्यापक मंच उपलब्ध कराना था। संस्थान के निदेशक श्री अतुल द्विवेदी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में देश-विदेश के कलाकारों ने सहभागिता की।
समापन दिवस पर कजाकिस्तान, जिम्बाब्वे और मालदीव के सांस्कृतिक दलों की प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण रहीं। वहीं झारखंड के कलाकारों ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और संघर्ष पर आधारित नाटक ‘धरती आबा’ प्रस्तुत कर जनजातीय अस्मिता एवं स्वतंत्रता चेतना का संदेश दिया।
इसके अतिरिक्त सोनभद्र का सुमर डोमकच, पीलीभीत का थारू जनजातीय नृत्य, छत्तीसगढ़ का गौर मड़िया एवं कंकसार तथा मध्य प्रदेश का बैगा परधौनी नृत्य प्रस्तुत किया गया। कठपुतली, बहुरूपिया, जयपुर की नट-नटी कला और जादू प्रदर्शन भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहे।
समारोह में भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. मांडवी सिंह, पद्मश्री विद्या बिंदु सिंह सहित संस्कृति एवं जनजाति विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
चार दिवसीय आयोजन ने जनजातीय कलाकारों को अपनी कला प्रदर्शित करने का अंतरराष्ट्रीय मंच देने के साथ सांस्कृतिक संवाद, आपसी सहभागिता और विविधता में एकता का महत्वपूर्ण संदेश दिया।