
अशोक यादव, लखनऊ : उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में शुक्रवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री राजेन्द्र पाल गौतम तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने संयुक्त प्रेसवार्ता कर केंद्र की भाजपा सरकार पर संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाया।
प्रेसवार्ता में राजेन्द्र पाल गौतम ने कहा कि भाजपा और मोदी सरकार बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के संविधान की भावना के विपरीत काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने सत्ता में आने के बाद अरुणाचल प्रदेश और उत्तराखंड में चुनी हुई सरकारें गिराईं, जबकि गोवा और मणिपुर में बहुमत न होने के बावजूद सरकारें बनाईं। कर्नाटक और मध्य प्रदेश में विधायकों की खरीद-फरोख्त तथा महाराष्ट्र में शिवसेना और एनसीपी में टूट का भी उन्होंने उल्लेख किया।

गौतम ने कहा कि 14 अप्रैल 2026 को अंबेडकर जयंती के अवसर पर संविधान संशोधन संबंधी विधेयक सार्वजनिक किए गए और 16 अप्रैल को 131वां संविधान संशोधन विधेयक पेश किया गया। इसमें 2011 की जनगणना के आधार पर परिसीमन और लोकसभा की अधिकतम सीटें 850 करने का प्रस्ताव था। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे जातिगत जनगणना और ओबीसी महिलाओं के प्रतिनिधित्व का सवाल पीछे छूट जाता। उनके मुताबिक, 17 अप्रैल को विधेयक को आवश्यक समर्थन नहीं मिला और सरकार को इसे वापस लेना पड़ा।
उन्होंने टीएमसी के 20 सांसदों के एनसीपीआई में विलय और एनडीए में शामिल होने के घटनाक्रम पर भी सवाल उठाए। गौतम ने कहा कि संविधान संशोधन के लिए आवश्यक समर्थन जुटाने की कोशिशों के बीच 30 नवंबर को लोकसभा और दो दिसंबर को राज्यसभा का विशेष सत्र बुलाया गया है।
वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने कहा कि भाजपा का इतिहास महिला आरक्षण के विरोध से जुड़ा रहा है। उन्होंने 1989 में राजीव गांधी द्वारा पंचायतों और नगर निकायों में महिलाओं को एक-तिहाई आरक्षण देने के लिए लाए गए विधेयक तथा 1992-93 में 73वें और 74वें संविधान संशोधनों का उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2010 में यूपीए सरकार ने महिला आरक्षण विधेयक राज्यसभा से पारित कराया था। वर्ष 2023 में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को कांग्रेस ने समर्थन दिया, लेकिन जनगणना और परिसीमन की शर्त जोड़ने से इसके क्रियान्वयन में देरी हुई।
आराधना मिश्रा ने मांग की कि भाजपा सरकार महिला आरक्षण विधेयक को जल्द से जल्द लागू करे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मांग है कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण तत्काल मिले और एससी, एसटी तथा ओबीसी महिलाओं के उचित प्रतिनिधित्व के लिए जातिगत जनगणना भी कराई जाए।


