दिवाली और छठ पर यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे की विशेष तैयारी, अश्विनी वैष्णव ने किया आनंद विहार स्टेशन का निरीक्षण

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, नई दिल्ली : रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिवाली और छठ पर्व के दौरान रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ को नियंत्रित करने तथा सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए आज आनंद विहार रेलवे स्टेशन का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यात्री सुविधाओं, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर प्रत्येक वर्ष दिवाली और छठ के अवसर पर यात्रियों की भारी आवाजाही रहती है। इसे देखते हुए भारतीय रेलवे ने स्टेशन परिसर में विशेष व्यवस्थाएं की हैं। यात्रियों की भीड़ को व्यवस्थित करने और उन्हें ट्रेनों में चढ़ने से पहले पर्याप्त जगह उपलब्ध कराने के लिए आधुनिक होल्डिंग एरिया (प्रतीक्षा क्षेत्र) विकसित किया गया है।

निरीक्षण के दौरान रेल मंत्री ने स्टेशन पर मौजूद यात्रियों से बातचीत कर उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं के बारे में फीडबैक लिया। यात्रियों ने स्टेशन पर किए गए इंतजामों और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। श्री वैष्णव ने यात्रियों की प्रतिक्रियाओं को गंभीरता से सुना और सुविधाओं को लगातार बेहतर बनाने पर जोर दिया।

इस अवसर पर रेल मंत्री ने कहा कि भारतीय रेलवे यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। यात्री सुविधाओं के उन्नयन और आधुनिक व्यवस्थाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

त्योहारी सीजन में यात्रियों की अतिरिक्त मांग को देखते हुए रेलवे ने विशेष ट्रेनों का संचालन भी शुरू किया है। इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों की तैनाती बढ़ाई गई है। रेलवे का उद्देश्य त्योहारों के दौरान यात्रियों की भीड़ को व्यवस्थित रखते हुए सभी को सुरक्षित और परेशानी मुक्त यात्रा उपलब्ध कराना है।

Related Articles

Back to top button