त्योहारों पर यात्रियों की सुविधा के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे की व्यापक तैयारी, 129 स्पेशल ट्रेनों के 961 फेरे संचालित

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जयपुर : दीपावली एवं अन्य त्योहारों के दौरान यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित रेल यात्रा उपलब्ध कराने के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए हैं। बेहतर यात्री प्रबंधन, पूर्व तैयारियों, सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था एवं लगातार निगरानी के चलते प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को आवागमन और ट्रेनों में सवार होने में सुविधा मिल रही है।

त्योहारों के दौरान प्रमुख स्टेशनों पर बढ़ते यात्री भार को देखते हुए विशेष होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। यहां यात्रियों को चरणबद्ध तरीके से प्लेटफार्म पर प्रवेश दिया जा रहा है, जिससे अनावश्यक भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति न बने। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के कंट्रोल रूम के माध्यम से स्टेशन परिसरों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसके अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरों से यात्रियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है तथा प्रमुख स्टेशनों पर अधिकारियों की तैनाती की गई है।

यात्री सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्था की प्रभावी निगरानी के लिए रेलवे मुख्यालय और सभी मंडलों में 24 घंटे सातों दिन संचालित होने वाले वॉर रूम स्थापित किए गए हैं। इनके माध्यम से स्टेशनों पर यात्री भार, सुरक्षा व्यवस्था और परिचालन संबंधी परिस्थितियों की लगातार समीक्षा की जा रही है।

यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा देश के विभिन्न गंतव्यों के लिए 129 स्पेशल ट्रेनों के कुल 961 फेरे संचालित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही 50 नियमित ट्रेनों में विभिन्न श्रेणियों के 140 अतिरिक्त कोच लगाए गए हैं, जिससे अधिक से अधिक यात्रियों को यात्रा की सुविधा मिल सके।

रेलवे प्रशासन द्वारा यात्री मांग की निरंतर समीक्षा की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों के संचालन की भी तैयारी रखी गई है।

उत्तर पश्चिम रेलवे का उद्देश्य त्योहारों के दौरान यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं व्यवस्थित यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना तथा स्टेशनों पर भीड़ का प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित करना है।

Related Articles

Back to top button