
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जोधपुर : उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता व्यवस्था को आधुनिक एवं प्रभावी बनाने के लिए तकनीक आधारित पहल की जा रही है। इसी क्रम में जोधपुर रेलवे स्टेशन पर 240 लीटर क्षमता वाला स्मार्ट कूड़ेदान स्थापित किया जा रहा है। एनएसजी-2 श्रेणी के इस स्टेशन पर यात्रियों की अधिक आवाजाही को देखते हुए यह व्यवस्था कचरे के व्यवस्थित संग्रहण एवं निस्तारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि स्मार्ट कूड़ेदान आधुनिक सेंसर एवं आईओटी (इंटरनेट ऑफ थिंग्स) तकनीक से लैस होगा। इसमें लगे सेंसर कचरे के भरने के स्तर की लगातार निगरानी करेंगे। निर्धारित क्षमता के करीब पहुंचने पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल अलर्ट मिलेगा, जिससे समय पर कचरा उठाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकेगी।
इस स्मार्ट कूड़ेदान में विशेष कॉम्पैक्टर भी लगाए गए हैं, जो कचरे को दबाकर उसका आयतन कम करेंगे। इससे कूड़ेदान की भंडारण क्षमता बढ़ेगी और बार-बार कचरा संग्रहण की आवश्यकता कम होगी।
आईओटी आधारित मॉनिटरिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से कचरा संग्रहण टीमों को कूड़ेदान की स्थिति एवं भरने के स्तर की वास्तविक समय में जानकारी मिल सकेगी। इसके अतिरिक्त जीपीएस ट्रैकिंग और मौसम प्रतिरोधी डिजाइन जैसी सुविधाएं भी इसमें उपलब्ध होंगी।
रेलवे के अनुसार, इसकी विशेष तकनीक पारंपरिक कूड़ेदानों की तुलना में 58 गुना अधिक प्रभावी भंडारण क्षमता प्रदान करती है। इससे कूड़ेदान के ओवरफ्लो होने, आसपास कचरा फैलने और गंदगी की समस्या पर नियंत्रण पाने में मदद मिलेगी।
स्मार्ट कूड़ेदान की स्थापना से जोधपुर स्टेशन की स्वच्छता व्यवस्था अधिक व्यवस्थित एवं तकनीक आधारित बनेगी। यह पहल यात्रियों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के साथ पर्यावरण अनुकूल कचरा प्रबंधन को भी बढ़ावा देगी।
