आनंद विहार स्टेशन पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने यात्रियों से किया सीधा संवाद, सुविधाओं का लिया फीडबैक

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, नई दिल्ली : रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार आनंद विहार रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर आम यात्रियों से सीधे संवाद किया और उनकी यात्रा संबंधी सुविधाओं एवं अनुभवों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने युवाओं, महिलाओं और बच्चों से आत्मीयता से मुलाकात कर रेलवे की ओर से उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और सेवाओं के बारे में उनकी राय जानी।

निरीक्षण के दौरान रेल मंत्री ने यात्रियों से स्टेशन पर उपलब्ध व्यवस्थाओं, यात्रा सुविधाओं और रेलवे में हो रहे आधुनिक बदलावों को लेकर बातचीत की। संवाद के दौरान अधिकांश यात्रियों ने रेलवे की सुविधाओं में लगातार हो रहे सुधार और आधुनिक सेवाओं के विस्तार की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।

वैष्णव ने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी पीठ थपथपाई, वहीं बच्चों से हाथ मिलाकर स्नेह जताया। उन्होंने यात्रियों से सीधे बातचीत कर यह जानने का प्रयास किया कि रेलवे की ओर से किए जा रहे सुधारों का लाभ आमजन तक किस तरह पहुंच रहा है और यात्री वर्तमान व्यवस्थाओं से कितने संतुष्ट हैं।

दौरे के दौरान रेल मंत्री का सहज और आत्मीय अंदाज भी देखने को मिला। वह स्टेशन परिसर में यात्रियों के बीच पहुंचे और उनसे आम नागरिक की तरह घुलते-मिलते नजर आए। इसी क्रम में उन्होंने स्टेशन स्थित चाय के स्टॉल पर रुककर चाय पी। खास बात यह रही कि उन्होंने चाय का भुगतान डिजिटल इंडिया को प्रोत्साहित करते हुए यूपीआई (UPI) के माध्यम से किया।

रेल मंत्री का यात्रियों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं और अनुभवों को सुनना चर्चा का विषय बना रहा। इस दौरान प्रत्यक्ष संवाद के माध्यम से यात्री सुविधाओं की जमीनी स्थिति समझने और रेलवे की सेवाओं को बेहतर बनाने का संदेश दिया गया।

Related Articles

Back to top button