
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : प्रदेश के नगरीय निकायों में हो रहे उत्कृष्ट कार्यों, नवाचारों एवं विकास की नई पहलों को साझा करने के उद्देश्य से नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने मासिक पत्रिका ‘नगरीय सिंधु’ का शुभारंभ किया। नगरीय निकाय निदेशालय एवं नगरीय प्रशिक्षण एवं शोध संस्थान के तत्वावधान में प्रकाशित होने वाली इस पत्रिका के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न नगरों में संचालित विकासपरक योजनाओं और उल्लेखनीय कार्यों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
इस अवसर पर मंत्री शर्मा ने कहा कि प्रदेश के नगरों में स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं, जलापूर्ति, सीवरेज, पर्यावरण संरक्षण एवं नगरीय प्रबंधन के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। इन कार्यों और नवाचारों की जानकारी सभी नगरीय निकायों तक पहुंचनी चाहिए, ताकि एक नगर की अच्छी पहल दूसरे नगरों के लिए प्रेरणा बन सके। ‘नगरीय सिंधु’ इस दिशा में प्रभावी माध्यम साबित होगी।
उन्होंने कहा कि नगरीय विकास केवल आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तक सीमित नहीं है, बल्कि बेहतर प्रबंधन, आधुनिक तकनीक, नवाचार और प्रशिक्षित मानव संसाधन भी इसके महत्वपूर्ण आधार हैं। नगरीय प्रशिक्षण एवं शोध संस्थान द्वारा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नियमित प्रशिक्षण देकर उनकी कार्यक्षमता और दक्षता बढ़ाई जा रही है। पत्रिका में प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी भी प्रकाशित की जाएगी।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप प्रदेश के नगरों को आधुनिक, स्वच्छ, सुंदर एवं सुविधायुक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। ‘नगरीय सिंधु’ इन प्रयासों की उपलब्धियों, अनुभवों और नई सोच को साझा करने का मंच बनेगी।
उन्होंने पत्रिका के प्रकाशन की पहल के लिए संबंधित अधिकारियों एवं पूरी टीम को बधाई देते हुए इसे नियमित और ज्ञानवर्धक बनाए रखने की अपेक्षा की।
कार्यक्रम में प्रमुख सचिव पी. गुरु प्रसाद, सचिव एवं निदेशक अनुज कुमार झा, निदेशक सोडा महेंद्र बहादुर सिंह, नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर निदेशक श्रीमती रितु सुहास सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।