लखनऊ जंक्शन पर एयरपोर्ट की तर्ज पर आधुनिक खानपान प्रतिष्ठान ‘INEJ Eats’ का शुभारंभ

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने यात्री सुविधाओं के विस्तार एवं गैर-किराया राजस्व (एनएफआर) में वृद्धि की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए लखनऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन पर आधुनिक खानपान प्रतिष्ठान ‘INEJ Eats’ का शुभारंभ किया। एयरपोर्ट की तर्ज पर विकसित इस प्रतिष्ठान का औपचारिक उद्घाटन एक वरिष्ठ रेल यात्री के हाथों कराया गया।

मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री अरजित सिंह के नेतृत्व में एनएफआर मॉडल के अंतर्गत इस प्रतिष्ठान को विकसित किया गया है। इसका उद्देश्य यात्रियों को स्टेशन परिसर में ही आधुनिक सुविधाओं के साथ गुणवत्तापूर्ण खानपान उपलब्ध कराना है।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने कहा कि ‘INEJ Eats’ के शुरू होने से लखनऊ जंक्शन पर आने-जाने वाले यात्रियों को खानपान की सुविधाएं त्वरित एवं सुविधाजनक तरीके से मिल सकेंगी। एयरपोर्ट की तर्ज पर विकसित यह प्रतिष्ठान स्टेशन की यात्री सुविधाओं को आधुनिक स्वरूप प्रदान करने के साथ यात्रियों के यात्रा अनुभव को भी बेहतर बनाएगा।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अरजित सिंह ने बताया कि इस प्रतिष्ठान के संचालन से रेलवे को आगामी 10 वर्षों में लगभग 2.15 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त होने की संभावना है। इससे रेलवे की उपलब्ध परिसंपत्तियों का बेहतर व्यावसायिक उपयोग सुनिश्चित होगा तथा गैर-किराया राजस्व के नए स्रोत विकसित होंगे।

उन्होंने बताया कि रेलवे द्वारा यात्री सुविधाओं को आधुनिक बनाने के साथ-साथ राजस्व वृद्धि के लिए भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन), वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी, मंडल वाणिज्य प्रबंधक सहित अन्य संबंधित अधिकारी, प्रतिष्ठान के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में रेल यात्री उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button