
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, मुंबई: लोकप्रिय पौराणिक धारावाहिक ‘देवों के देव महादेव’ में देवी लक्ष्मी की भूमिका निभा चुकीं अभिनेत्री रागिनी चौबे इस दीपावली दर्शकों को भारतीय त्योहारों से जुड़ी अनसुनी और रोचक कहानियां सुनाती नजर आएंगी। शेमारू टीवी अपने विशेष कार्यक्रम ‘शेमारू दीपोत्सव- हर उत्सव की कहानी’ के माध्यम से त्योहारों के धार्मिक, सांस्कृतिक और पारंपरिक महत्व से दर्शकों को रूबरू कराएगा।
चार विशेष कड़ियों वाली इस सीरीज में धनतेरस पर भगवान धन्वंतरि की कथा, यम दीपदान का महत्व, भगवान श्रीराम की अयोध्या वापसी और लक्ष्मी-गणेश पूजन से जुड़ी मान्यताओं को प्रस्तुत किया जाएगा। इसके अलावा गोवर्धन पूजा के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के अहंकार त्यागने के संदेश और भाई दूज पर यमराज तथा उनकी बहन यमुना की कहानी भी सुनाई जाएगी।
इस सीरीज का उद्देश्य नई पीढ़ी को भारतीय परंपराओं, रीति-रिवाजों और संस्कारों से जोड़ना है। साथ ही परिवारों को एक साथ बैठकर त्योहारों के पीछे छिपी कहानियों और उनसे मिलने वाली सीख को समझने का अवसर देना है।
कार्यक्रम को लेकर रागिनी चौबे ने कहा कि देवी लक्ष्मी का किरदार निभाने के बाद से ही इन पौराणिक कहानियों से उनका विशेष जुड़ाव रहा है। इस सीरीज के जरिए वह परिवारों में कहानियां सुनने-सुनाने की परंपरा को फिर से जीवंत करना चाहती हैं। उनके अनुसार, ये कहानियां प्रेम, आस्था, कृतज्ञता और पारिवारिक मूल्यों का महत्व समझाती हैं।
‘शेमारू दीपोत्सव- हर उत्सव की कहानी’ का प्रसारण 6, 8, 10 और 11 नवंबर 2026 को रात 9 बजे शेमारू टीवी पर होगा। इसकी चारों कड़ियां शेमारू के यूट्यूब चैनल पर भी उपलब्ध रहेंगी।

