समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित 5 विद्यालयों में स्मार्ट क्लासरूम शुरू, मंत्री असीम अरुण ने किया उद्घाटन

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : प्रदेश के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा देने और उन्हें डिजिटल युग की आवश्यकताओं और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने की दिशा में समाज कल्याण विभाग ने 5 जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों में स्मार्ट क्लासरूम की शुरुआत की है। फर्स्ट ओरिजिन नेक्स्टजन एजुटेक प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से सीएसआर के माध्यम से शुरू इस पहल के प्रथम चरण में 5 विद्यालयों में एक-एक स्मार्ट क्लासरूम तैयार किया गया है।

इसी क्रम में बुधवार को गोमती नगर स्थित भागीदारी भवन में उद्घाटन एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्रमुख सचिव समाज कल्याण अनुराग यादव, निदेशक समाज कल्याण संजीव सिंह, उपनिदेशक जे राम और फर्स्ट ओरिजिन के मैनेजिंग डायरेक्टर अनुज कुमार वर्मा उपस्थित रहे।

आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं स्मार्ट क्लासरूम

निदेशक संजीव सिंह ने बताया कि प्रदेश में 103 सर्वोदय विद्यालय संचालित हैं। पायलट प्रॉजेक्ट के तहत निडोरी (गाजियाबाद), बदनौरा (बुलंदशहर), हस्तिनापुर (मेरठ), बरेली और पीलीभीत में स्मार्ट क्लासरूम शुरू हुए हैं। इनमें स्मार्ट बोर्ड, स्मार्ट पैनल, दो एयर कंडीशनर व वुडेन फ्लोरिंग की सुविधा है।

‘तकनीक से मिलेगा प्रतिभा को अवसर’

राज्यमंत्री असीम अरुण ने कहा कि स्मार्ट क्लासरूम केवल पढ़ाई का तरीका बदलने की पहल नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के भविष्य को नई दिशा देने का प्रयास है। हमारा उद्देश्य है कि हर विद्यार्थी आधुनिक तकनीक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जुड़े तथा भविष्य की प्रतिस्पर्धाओं के लिए तैयार हो। फर्स्ट ओरिजिन के मैनेजिंग डायरेक्टर अनुज कुमार वर्मा ने बताया कि दूसरे चरण में शेष चयनित विद्यालयों में स्मार्ट क्लासरूम एवं ऑनलाइन शिक्षा का विस्तार किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button