बीबीएयू में मनी गांधी व शास्त्री जयंती; ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत हुआ पौधारोपण

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के पावन अवसर पर विभिन्न वैचारिक और रचनात्मक कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय की कार्यवाहक कुलपति प्रो. सुनीता मिश्रा ने की।

महापुरुषों की प्रतिमाओं पर हुआ माल्यार्पण
समारोह के दौरान कार्यवाहक कुलपति प्रो. सुनीता मिश्रा सहित उपस्थित समस्त शिक्षकों, गैर-शिक्षण कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने बापू और शास्त्री की भव्य प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उपस्थित जनसमुदाय ने दोनों अमर विभूतियों के राष्ट्र निर्माण, सत्य, अहिंसा, सादगी और कर्तव्यनिष्ठा के आदर्शों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का विधिक संकल्प लिया।

सफ़ाई मित्रों को बांटी गई स्वच्छता सामग्री
जयंती के अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में एक वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें सभी ने सक्रिय श्रमदान कर परिसर की साफ-सफाई की। विश्वविद्यालय के स्वच्छता प्रभारी डॉ. रवि शंकर वर्मा ने उपस्थित लोगों को स्वच्छता की विधिक शपथ दिलाई तथा इसे दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया इस दौरान एक सराहनीय पहल करते हुए अग्रिम पंक्ति के सफाई कर्मियों को स्वच्छता सामग्री किट का वितरण कर उनके अमूल्य योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इसके साथ ही, हरित परिसर के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत सघन पौधारोपण भी किया गया।

इस गरिमापूर्ण राष्ट्रीय उत्सव में आईक्यूएसी (IQAC) निदेशक प्रो. शिल्पी वर्मा, प्रो. बी.सी. यादव, प्रो. शूरा दारापुरी, डॉ. मनोज कुमार डडवाल एवं डॉ. अनिल यादव सहित विश्वविद्यालय के कई वरिष्ठ संकाय सदस्य, अधिकारी, शोधार्थी और विद्यार्थी मुस्तैदी से उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button