
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर इण्डियन हेल्पलाइन सोसाइटी (रजि.) के सेवा प्रकल्प बृज की रसोई की ओर से रविवार को आशियाना क्षेत्र में जरूरतमंदों, बच्चों, बुजुर्गों और श्रमिकों को निःशुल्क भोजन प्रसाद वितरित किया गया। बाबा नीम करौली महाराज जी की कृपा एवं आशीर्वाद को समर्पित इस सेवा अभियान के तहत लगभग दो हजार असहाय, निराश्रित और जरूरतमंद लोगों तक सब्जी, चावल और बूंदी का भोजन पहुँचाया गया।
संस्था का उद्देश्य पर्व की खुशियों को समाज के वंचित वर्गों तक पहुँचाना और सेवा, करुणा व मानवता का संदेश देना रहा। आयोजन के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि त्योहारों की सार्थकता तभी बढ़ती है, जब समाज के जरूरतमंद लोगों को भी खुशियों में शामिल किया जाए।

संस्था के संस्थापक विपिन शर्मा ने कहा कि सेवा का उद्देश्य केवल भोजन उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि जरूरतमंदों को सम्मान और अपनत्व का एहसास कराना भी है। बृज की रसोई का संकल्प है कि कोई जरूरतमंद भूखा न सोए। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की और सहयोगियों तथा मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विपिन शर्मा ने श्रीरामकथा ज्ञानयज्ञ समारोह समिति, सेक्टर-आई, एलडीए कॉलोनी, कानपुर रोड, लखनऊ में कथा व्यास भागवत भूषण एवं मानस शिरोमणि आचार्य पं. रजनीश अग्निहोत्री महाराज (जसोदा, कन्नौज) सहित सहयोगी आचार्यों को श्रद्धापूर्वक भोजन कराया। साथ ही उन्हें पूज्य बाबा नीम करौली महाराज जी की प्रतिमा एवं अंगवस्त्र भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि संतों की सेवा श्रद्धा, समर्पण और आध्यात्मिक साधना का महत्वपूर्ण माध्यम है।

कार्यक्रम के सफल संचालन में जालिम सिंह, दीपक भुटियानी, संजय श्रीवास्तव, अनुराग दुबे, बलवंत सिंह, नवलेश सिंह, विकास पाण्डेय, अखिलेश सिंह, मुकेश कनौजिया और उमाशंकर यादव सहित अनेक स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।

