
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : रेलवे बोर्ड द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुपालन में लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन में लखनऊ मंडल में “विश्व पर्यावरण दिवस 2026” अभियान का शुभारम्भ अपर मंडल रेल प्रबंधक/परिचालन श्रीमती नीतू, तथा वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर/फ्रेट एवं ईएनएचएम/ महेन्द्र सिंह के नेतृत्व में किया गया।
इस अवसर पर लखनऊ मंडल के लखनऊ जं., गोरखपुर, गोण्डा, बस्ती, खलीलाबाद, ऐशबाग, मनकापुर एवं बादशाहनगर स्टेशनों तथा ऐशबाग, बादशाहनगर एवं गोण्डा रेलवे कॉलोनियों एवं रेलवे अस्पतालों में पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता जागरूकता से संबंधित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अभियान का शुभारम्भ रेल कर्मचारियों एवं अधिकारियों द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता बनाए रखने की शपथ ग्रहण के साथ किया गया।
रेलवे अस्पतालों में स्वच्छ एवं हरित वातावरण बनाए रखने हेतु विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया तथा कर्मचारियों एवं यात्रियों को ’मिशन लाइफ’ के सिद्धांतों के अनुरूप पर्यावरण हितैषी जीवनशैली अपनाने हेतु प्रेरित किया गया।
इसके अतिरिक्त रेलवे स्टेशनों एवं कॉलोनियों में जन-जागरूकता संदेश, उद्घोषणाएँ एवं स्वच्छता संबंधी गतिविधियाँ आयोजित कर यात्रियों एवं स्थानीय नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। इस अभियान में लगभग 1000 लोगों ने सहभागिता की।
विदित है कि 15 से 18 मई, 2026 तक पूर्वाेत्तर रेलवे लखनऊ मण्डल के स्टेशनों पर एवं रेल परिसर तथ रेलवे कॉलोनियों में पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम चलाया जायेगा, जिसके अंतर्गत यात्रियों एवं रेलकर्मियों को बैनर, पोस्टर एवं डिजिटल संदेशों का प्रदर्शन कर पर्यावरण के प्रति जागरूक किया जायेगा। 19 से 22 मई, 2026 तक प्लेटफार्मों पर प्लास्टिक कचरे का निस्तारण करने एवं स्टेशनों के आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाने, रिसाइक्लेबल प्लास्टिक लंच बॉक्स, बोतल के उपयोग और एकल उपयोग प्लास्टिक के निषेध के प्रति जागरूक किया जायेगा। 23 से 26 मई, 2026 तक स्टेशनों पर यात्रियों को अपना पानी का बोतल साथ ले जाने, प्लास्टिक के थैले के जगह कपड़े के थैले का उपयोग करने एवं स्टेशन व सार्वजनिक स्थानों पर रखे गये कूडे़दान के प्रयोग के लिए प्रोत्साहित करने हेतु जागरूकता अभियान चलाया जायेगा।
27 से 30 मई, 2026 तक हरित पहल पर बल देते हुए स्टेशन, रेलवे कालोनियों एवं आसपास के खाली स्थानों पर ‘एक पेड़ माँ के नाम‘ कार्यक्रम के अन्तर्गत पौधारोपण किया जायेगा तथा स्वास्थ्य को उत्तम बनाये रखने हेतु फिजिकल फिटनेस को बढावा देने, पर्यावरण से सम्बन्धित ड्राइंग तथा निबंध प्रतियोगिता का आयोजन एवं डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा देने पर जोर दिया जायेगा। 31 मई से 04 जून, 2026 तक जल एवं ऊर्जा संरक्षण हेतु जागरूकता अभियान चलाया जायेगा तथा 05 जून, 2026 को विश्व पर्यावरण दिवस के अन्तर्गत मण्डल के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।