
समय सारिणी
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : राजीव श्रीवास्तव की शानदार गेंदबाजी और देवेश पांडेय की विस्फोटक बल्लेबाजी की बदौलत टाइम्स ऑफ इंडिया ने संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में अमर उजाला को नौ विकेट से करारी शिकस्त दी। लगातार दूसरी जीत दर्ज कर टाइम्स ऑफ इंडिया ने सेमीफाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया।
उत्तर प्रदेश स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट एसोसिएशन के तत्वावधान में केडी सिंह बाबू स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए अमर उजाला की टीम 19.3 ओवर में 114 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और उसने महज 33 रन के स्कोर पर पांच विकेट गंवा दिए। अनुराग बाजपेयी ने 23, अनुज कुमार ने 22 और शुभम बंसल ने 11 रन बनाए। टाइम्स ऑफ इंडिया की ओर से राजीव श्रीवास्तव ने तीन विकेट झटके, जबकि इश्तियाक रजा और मोहसिन उस्मानी को दो-दो विकेट मिले।
जवाब में टाइम्स ऑफ इंडिया ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 13.5 ओवर में एक विकेट खोकर 115 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। सलामी बल्लेबाज देवेश पांडेय ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 45 गेंदों पर 12 चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 77 रन बनाए। वहीं, अब्बास रिजवी ने 36 गेंदों पर चार चौकों की सहायता से 36 रन का योगदान दिया।
दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 106 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम की जीत आसान कर दी। अमर उजाला की ओर से एकमात्र विकेट राजीव आनंद को मिला।
शानदार प्रदर्शन के लिए देवेश पांडेय को मैन ऑफ द मैच चुना गया। वरिष्ठ खेल पत्रकार अनंत मिश्रा ने उन्हें पुरस्कार प्रदान किया।
टूर्नामेंट में रविवार को केडी सिंह बाबू स्टेडियम में दूरदर्शन और दैनिक जागरण की टीमों के बीच मुकाबला खेला जाएगा।
