
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : 68,500 सहायक अध्यापक भर्ती-2018 में आरक्षण विसंगति दूर करने की मांग को लेकर पिछले 82 दिनों से धरना-प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का आंदोलन अब वैवाहिक समारोहों तक पहुंच गया है। शनिवार को आंदोलनकारियों ने अपने साथी एवं आंदोलन के मीडिया प्रभारी अखिल कुमार निवासी कुंडा, प्रतापगढ़ की शादी में भी आरक्षण बचाओ के नारे लगाकर अपनी मांग बुलंद की।
शादी समारोह में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे अभ्यर्थियों ने दूल्हा अखिल कुमार और दुल्हन अर्चना के साथ मंच पर बैनर और पोस्टर लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान आरक्षण बचाओ, हक हमारा-आरक्षण हमारा और लेकर रहेंगे आरक्षण जैसे नारे गूंजते रहे। अभ्यर्थियों ने विशेष टोपी पहनकर भी अपनी मांगों के समर्थन में आवाज उठाई।
अभ्यर्थियों का आरोप है कि 68,500 शिक्षक भर्ती में ओबीसी वर्ग के आरक्षण के साथ विसंगति हुई है। उनका कहना है कि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग, राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग और विधान परिषद की सामाजिक न्याय एवं सद्भाव समिति की ओर से आरक्षित श्रेणी का लाभ देते हुए परिणाम संशोधित करने और पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति देने संबंधी आदेश एवं संस्तुतियां जारी की गई हैं। इसके बावजूद उन्हें न्याय नहीं मिला है।

नवविवाहित अखिल कुमार और अर्चना ने कहा कि वे इस संघर्ष में अपने साथियों के साथ खड़े रहेंगे। वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत के बावजूद न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे तूफान सिंह और आशुतोष वर्मा ने बताया कि अभ्यर्थियों ने धरनास्थल पर नवरात्रि, दशहरा, करवाचौथ, दीपावली, भैया दूज और छठ जैसे पर्व मनाए हैं। धरना प्रभारी नवीन चौधरी ने सरकार से आरक्षण विसंगति दूर कर पात्र अभ्यर्थियों को जल्द न्याय देने की मांग की। समारोह में सैकड़ों अभ्यर्थी शामिल हुए।


