
अशोक यादव, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ में मंगलवार 14 जुलाई को विद्यार्थियों के नेतृत्व विकास, कौशल संवर्धन, इंटर्नशिप, प्लेसमेंट एवं उद्यमिता के अवसरों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एस्पायर इंस्टीट्यूट इंडिया फाउंड्री (Aspire Institute India Foundry) के सहयोग से एक इंटरैक्टिव सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने की। इस अवसर पर एस्पायर इंस्टीट्यूट की आउटरीच एवं मार्केटिंग निदेशक सुश्री मानसी ढोलकिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धा वाले दौर में केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि नेतृत्व क्षमता, व्यावहारिक कौशल, नवाचार की सोच और उद्यमशीलता का विकास भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ उद्योग एवं संस्थानों से जोड़ने, इंटर्नशिप, प्लेसमेंट तथा कौशल विकास के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। ऐसे संवादात्मक कार्यक्रम विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास एवं सफल करियर निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

सत्र के दौरान विद्यार्थियों के नेतृत्व क्षमता के विकास, व्यक्तित्व संवर्धन, कौशल विकास, वैश्विक स्तर पर उपलब्ध इंटर्नशिप एवं प्लेसमेंट के अवसरों तथा उद्यमिता से संबंधित विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। समस्त कार्यक्रम के दौरान सभी संकायों के संकायाध्यक्ष उपस्थित रहे।