न झगड़ा, न ब्रेकअप की बात… ऐसे चुपचाप रिश्ते से बाहर निकल रहे हैं लोग

सूर्योदय भारत : आजकल डेटिंग और रिलेशनशिप के तौर-तरीकों में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है। इसी के बीच ‘साइलेंट ब्रेकअप’ या ‘सॉफ्ट एग्जिट’ जैसा चलन भी चर्चा में है। इसमें पार्टनर सीधे रिश्ता खत्म करने की बात नहीं करता, बल्कि धीरे-धीरे बातचीत, मुलाकात और भावनात्मक जुड़ाव कम कर दूरी बनाने लगता है।

साइलेंट ब्रेकअप में शुरुआत अक्सर साथ समय बिताने के कम होने से होती है। पहले जहां पार्टनर मिलने के लिए उत्साहित रहता था, वहीं बाद में बार-बार प्लान टालने या कैंसिल करने लगता है। फोन कॉल और मैसेज की संख्या भी घट सकती है। धीरे-धीरे अपनी जिंदगी की बातें साझा करने और एक-दूसरे की भावनाओं में रुचि लेने का सिलसिला कम हो जाता है।

रिश्ते में कम होने लगता है एफर्ट

रिश्ते को मजबूत बनाए रखने के लिए दोनों पार्टनर्स का प्रयास जरूरी होता है। अगर लगातार ऐसा महसूस हो कि रिश्ता केवल एक व्यक्ति की कोशिश से चल रहा है और दूसरा समय, ध्यान या भावनात्मक सहयोग देने में रुचि नहीं ले रहा, तो इस बदलाव पर ध्यान देना जरूरी है। इसी तरह यदि पार्टनर के लिए काम, दोस्त या अन्य गतिविधियां लगातार रिश्ते से अधिक प्राथमिकता पाने लगें और वह अपने प्लान में आपको शामिल न करे, तो बातचीत की जरूरत हो सकती है।

हालांकि, इन संकेतों में से कोई एक अकेला यह साबित नहीं करता कि पार्टनर रिश्ता खत्म करना चाहता है। काम का तनाव, निजी परेशानियां या जीवन की दूसरी परिस्थितियां भी व्यवहार में बदलाव का कारण हो सकती हैं।

चुप्पी के बजाय स्पष्ट बातचीत जरूरी

रिश्ते में दूरी महसूस होने पर तुरंत किसी निष्कर्ष पर पहुंचने के बजाय शांत माहौल में पार्टनर से बात करना बेहतर है। अपनी भावनाओं और चिंताओं को स्पष्ट रूप से साझा करने से गलतफहमियां दूर हो सकती हैं और दोनों लोग रिश्ते को लेकर अपनी अपेक्षाएं समझ सकते हैं। किसी रिश्ते को बिना बताए धीरे-धीरे खत्म करने के बजाय सम्मानजनक और स्पष्ट संवाद दोनों पक्षों के लिए अधिक स्वस्थ तरीका हो सकता है।

Related Articles

Back to top button