
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, कोटा : यात्रियों की सुरक्षा को लेकर रेलवे की सतर्कता के तहत कोटा रेलवे स्टेशन पर मंडल अपराध रोकथाम टीम ने कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। टीम ने उसे ट्रेन में यात्रियों की जेब टटोलते हुए देखा। तलाशी लेने पर उसके पास से धारदार चाकू मिला। आरोपी को चाकू सहित आगे की कार्रवाई के लिए राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी), कोटा को सौंप दिया गया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि मंडल अपराध रोकथाम टीम कोटा स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 01 पर खड़ी गाड़ी संख्या 59833 कोटा मंदसोर पैसेंजर की जांच कर रही थी। रात करीब 21.00 बजे इंजन से दूसरे सामान्य श्रेणी के डिब्बे के गेट पर एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। टीम ने देखा कि वह ट्रेन में चढ़ने और उतरने वाले यात्रियों की जेब टटोल रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए टीम ने तत्काल कार्रवाई कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर ट्रेन से नीचे उतारा। पूछताछ में उसने अपना नाम राहुल राज सिंह, उम्र 29 वर्ष, निवासी भीलवाड़ा, राजस्थान बताया।
तलाशी के दौरान उसके पास से एक धारदार चाकू बरामद हुआ। पूछताछ में चाकू रखने का कारण जेबतराशी में इसका इस्तेमाल करना तथा पकड़े जाने पर भय दिखाकर भागना बताया गया।
मंडल अपराध रोकथाम टीम ने आरोपी को बरामद चाकू सहित जीआरपी कोटा के सुपुर्द कर दिया।
कार्रवाई में मंडल अपराध रोकथाम टीम के उप निरीक्षक सुमित रघुवंशी, सहायक उप निरीक्षक हरवंश बघेल, प्रधान आरक्षक पवन शर्मा, आरक्षक सीताराम एवं आरक्षक मनोज कुमार शामिल रहे।
रेल प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुरक्षा के लिए स्टेशनों और ट्रेनों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। यात्रियों से अपील है कि वे यात्रा के दौरान अपने सामान और कीमती वस्तुओं का ध्यान रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल रेलवे सुरक्षा बल अथवा राजकीय रेलवे पुलिस को दें।