G&SR प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में अयोध्या कैंट टीम ने मारी बाजी

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में 20 नवंबर 2026 को परिचालन कर्मचारियों के लिए सामान्य एवं सहायक नियम (G&SR) प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता श्रृंखला के द्वितीय चरण का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा के मार्गदर्शन में इस प्रतियोगिता की परिकल्पना वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक रजनीश श्रीवास्तव ने की।

प्रतियोगिता में यातायात निरीक्षक अयोध्या कैंट की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि यातायात निरीक्षक रायबरेली-प्रथम की टीम उपविजेता रही। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य परिचालन कर्मचारियों को रेलवे के संरक्षा नियमों एवं परिचालन प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक करना, उनके तकनीकी ज्ञान का मूल्यांकन करना तथा सुरक्षित ट्रेन संचालन के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों के पालन के प्रति आत्मविश्वास और प्रतिबद्धता को मजबूत करना था।

इस आयोजन के माध्यम से कर्मचारियों को सामान्य एवं सहायक नियमों की जानकारी को व्यवहारिक रूप से परखने तथा परिचालन संबंधी महत्वपूर्ण प्रावधानों को बेहतर ढंग से समझने का अवसर मिला। प्रश्नोत्तरी के जरिए कर्मचारियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने के साथ संरक्षा संबंधी ज्ञान को निरंतर अद्यतन रखने पर भी जोर दिया गया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (सामान्य) पवनीश काटल, मंडल परिचालन प्रबंधक (M) अमित चतुर्वेदी, सहायक परिचालन प्रबंधक सुश्री राशिदा खातून, सहायक परिचालन प्रबंधक (सा.) प्रभात कुमार त्रिपाठी तथा सहायक परिचालन प्रबंधक (को.) जटाशंकर शुक्ला उपस्थित रहे।

लखनऊ मंडल द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार के ज्ञानवर्धक एवं संरक्षा केंद्रित कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। इन पहलों का उद्देश्य परिचालन कर्मचारियों की दक्षता बढ़ाने के साथ रेल परिचालन में सुरक्षा के उच्चतम मानकों को बनाए रखना है।

Related Articles

Back to top button