
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : भारतीय रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान (IRITM), लखनऊ में 20 नवंबर 2026 को प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारियों का सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न क्षेत्रीय रेलों, मेट्रो रेल एवं अन्य रेलवे संगठनों के प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारियों ने भाग लिया। सम्मेलन का उद्देश्य रेल संरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श, श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों का आदान-प्रदान और भारतीय रेल में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाना था।
सम्मेलन का शुभारंभ रेलवे बोर्ड के महानिदेशक/संरक्षा हितेंद्र मल्होत्रा के आगमन के साथ हुआ। इस अवसर पर रेलवे बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारी, एडीजी/आईआरआईटीएम संजय त्रिपाठी तथा संस्थान के संकाय सदस्य उपस्थित रहे। उपिंदर सिंह, प्रधान कार्यकारी निदेशक/संरक्षा, रेलवे बोर्ड ने स्वागत संबोधन दिया। इसके बाद आईआरआईटीएम के महानिदेशक जी.वी.एल. सत्य कुमार ने अतिथियों का स्वागत करते हुए रेल संरक्षा में आपसी सहयोग, नवाचार और निरंतर सीखने के महत्व पर प्रकाश डाला।

हितेंद्र मल्होत्रा ने अपने उद्घाटन संबोधन में सुरक्षित रेल परिचालन के लिए बेहतर समन्वय और निरंतर सुधार को आवश्यक बताया। सम्मेलन में विभिन्न क्षेत्रीय रेलों के प्रमुख मुख्य संरक्षा अधिकारियों ने पीपीटी प्रस्तुतियों के माध्यम से अपने क्षेत्रों में अपनाई जा रही संरक्षा पहलों, अनुभवों और चुनौतियों को साझा किया।
सीआरआईएस (CRIS) ने सेफ्टी डैशबोर्ड पर विशेष प्रस्तुति दी। इसमें डिजिटल तकनीक और डेटा आधारित निगरानी के माध्यम से रेल संरक्षा प्रबंधन एवं निर्णय प्रक्रिया को प्रभावी बनाने की संभावनाओं पर जानकारी दी गई।
इसके अतिरिक्त ओपन हाउस चर्चा में प्रतिभागियों ने परिचालन संबंधी चुनौतियों और उनके व्यावहारिक समाधान पर विचार साझा किए।

सम्मेलन का समापन उपिंदर सिंह और हितेंद्र मल्होत्रा के संबोधनों के साथ हुआ। धन्यवाद ज्ञापन रेलवे बोर्ड के कार्यकारी निदेशक/संरक्षा/मैकेनिकल ने प्रस्तुत किया।
इस सम्मेलन ने भारतीय रेल में सुरक्षित, विश्वसनीय और कुशल परिचालन सुनिश्चित करने के लिए संस्थागत समन्वय एवं संरक्षा मानकों में निरंतर सुधार की प्रतिबद्धता को मजबूत किया।
