छठ की आस्था को बॉलीवुड तक ले गए विशाल मिश्रा, ‘छठी मैया’ में दिखी बिहार की मिट्टी की खुशबू

सूर्योदय भारत समाचार सेवा : सिंगर-कम्पोजर विशाल मिश्रा ने बिहार और पूर्वांचल की आस्था से जुड़े प्रमुख पर्व छठ को बॉलीवुड के बड़े पर्दे तक पहुंचाया है। सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया अभिनीत फिल्म द व्वान: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट के नए गीत ‘छठी मैया’ में छठ पर्व की परंपरा, श्रद्धा और सांस्कृतिक विरासत को संगीत के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है।

विशाल मिश्रा ने इस गीत को गाया और कंपोज किया है, जबकि इसके बोल कौशल किशोर ने लिखे हैं। विशाल के लिए यह केवल फिल्मी गीत नहीं, बल्कि अपनी मिट्टी और संस्कृति को व्यापक मंच तक ले जाने का अवसर है। उनका कहना है कि छठ की पवित्र परंपरा को हिंदी सिनेमा तक पहुंचाना उनके लिए सम्मान और आशीर्वाद की बात है।

विशाल मिश्रा और कौशल किशोर की जोड़ी इससे पहले भी ‘छठी मैया बुलाए’ जैसे लोकप्रिय भक्ति गीत के लिए साथ काम कर चुकी है। वर्ष 2021 में रिलीज हुए इस गीत को यूट्यूब पर 1.6 करोड़ से अधिक व्यूज मिल चुके हैं। अब यही जोड़ी ‘छठी मैया’ के जरिए बड़े सिनेमाई मंच पर छठ की आस्था को सामने ला रही है।

गीत में तमन्ना भाटिया छठ पूजा करती नजर आती हैं, जबकि सिद्धार्थ मल्होत्रा भी पूजा में शामिल होते दिखाई देते हैं। शाम के अर्घ्य सहित छठ की विभिन्न परंपराओं और धार्मिक भावनाओं को गीत के दृश्यों में सिनेमाई अंदाज में प्रस्तुत किया गया है।

विशाल का मानना है कि भोजपुरी और बिहार की संस्कृति केवल भाषा तक सीमित नहीं, बल्कि वहां की मिट्टी, लोक परंपराओं और पहचान का अभिन्न हिस्सा है। ‘छठी मैया’ के माध्यम से वह इसी सांस्कृतिक जुड़ाव को देशभर के दर्शकों तक पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं।

दीपक मिश्रा के निर्देशन में बनी द व्वान: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म 25 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Related Articles

Back to top button