
सूर्योदय भारत समाचार सेवा : एशिया कप में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिताबी जीत के बाद आईसीसी महिला टी20 रैंकिंग में भारतीय खिलाड़ियों को बड़ा फायदा मिला है। गेंदबाजों की सूची में श्री चरणी ने करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग हासिल करते हुए 804 अंक दर्ज किए हैं, जबकि शेफाली वर्मा बल्लेबाजों की रैंकिंग में छठे स्थान पर पहुंच गई हैं। दीप्ति शर्मा भी चार स्थान की छलांग लगाकर दूसरे नंबर पर पहुंची हैं।
श्रीलंका के खिलाफ एशिया कप फाइनल में श्री चरणी ने 20 रन देकर चार विकेट लिए। इस प्रदर्शन के बाद उनकी रेटिंग 804 अंक हो गई, जिससे वह पहली बार 800 अंकों के आंकड़े को पार करने वाली भारतीय महिला क्रिकेटर बनीं। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, भारतीय महिला खिलाड़ियों में इससे पहले सर्वोच्च रेटिंग का रिकॉर्ड मिताली राज के नाम था, जिन्होंने 2011 में 780 अंक हासिल किए थे। श्री चरणी अब महिला टी20 गेंदबाजों की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग के वैश्विक रिकॉर्ड से केवल दो अंक पीछे हैं। ऑस्ट्रेलिया की मेगन शट ने 2018 में 806 अंक हासिल किए थे।
एशिया कप में सर्वाधिक 14 विकेट लेने वाली दीप्ति शर्मा रैंकिंग में दूसरे स्थान पर पहुंची हैं। नंदनी शर्मा 10 स्थान ऊपर चढ़कर 94वें और प्रेमा रावत 50 स्थान की छलांग के साथ 96वें नंबर पर पहुंची हैं।
बल्लेबाजी में शेफाली वर्मा ने पांच मैचों में 236 रन बनाए। सेमीफाइनल में 64 और फाइनल में 68 रन की पारियों ने उनकी रैंकिंग को मजबूती दी। अब उनके 741 अंक हैं और वह पांचवें स्थान पर मौजूद स्मृति मंधाना से केवल चार अंक पीछे हैं। मंधाना के 745 अंक हैं। शेफाली ऑलराउंडरों की सूची में भी पांच स्थान ऊपर चढ़कर 15वें नंबर पर पहुंची हैं।
श्रीलंका की निलाक्षिका सिल्वा 108 रन के साथ बल्लेबाजों में 44वें स्थान पर पहुंचीं, जबकि चमारी अटापट्टू गेंदबाजों में 27वें स्थान पर हैं। दक्षिण अफ्रीका की एनेके बॉश ने भी जिम्बाब्वे के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के बाद बल्लेबाजों की रैंकिंग में बड़ी छलांग लगाई है।