
राहुल यादव, लखनऊ : आसिफ खान की 73 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी की बदौलत मान्यता प्राप्त पत्रकार एकादश ने वरिष्ठ खेल पत्रकार संतोष सूरी की स्मृति में आयोजित इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में जीत के साथ आगाज किया। उत्तर प्रदेश स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट एसोसिएशन के तत्वावधान में केडी सिंह बाबू स्टेडियम में खेले गए उद्घाटन मुकाबले में मान्यता प्राप्त पत्रकार एकादश ने अमर उजाला को छह विकेट से पराजित किया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए अमर उजाला की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट पर 137 रन बनाए। टीम की शुरुआत खराब रही और 27 रन पर दो विकेट गिर गए। अखिलेश वर्मा ने 20, अमृत शर्मा ने 14 और अनुराग बाजपेयी ने 25 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 33 रन बनाए। मान्यता प्राप्त पत्रकार एकादश की ओर से अंकित भारती ने दो विकेट हासिल किए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी मान्यता प्राप्त पत्रकार एकादश की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। टीम ने 32 रन पर तीन विकेट गंवा दिए। इसके बाद आसिफ खान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 41 गेंदों पर आठ चौके और चार छक्कों की मदद से 73 रन बनाए। अंकित भारती ने भी 18 गेंदों पर दो चौकों की मदद से नाबाद 21 रन का योगदान दिया। दोनों बल्लेबाजों ने पांचवें विकेट के लिए महज 44 गेंदों पर 90 रनों की साझेदारी कर टीम को 14.4 ओवर में चार विकेट पर 141 रन तक पहुंचा दिया। आसिफ खान को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

इससे पूर्व टूर्नामेंट का उद्घाटन मुख्य अतिथि खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव तथा विशिष्ट अतिथि खेल सचिव सुहास एलवाई ने किया। आयोजन सचिव अनंत मिश्रा ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सुधा बाजपेयी ने किया।
20 नवंबर के मुकाबले : दैनिक जागरण बनाम हिंदुस्तान सुबह नौ बजे तथा टाइम्स ऑफ इंडिया बनाम मान्यता प्राप्त पत्रकार एकादश दोपहर 12:30 बजे खेला जाएगा।