10-11 अक्टूबर को बंगाल इंजीनियर ग्रुप एंड सेंटर, रुड़की में अग्निवीर भर्ती रैली होगी आयोजित

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : भर्ती कार्यालय (मुख्यालय), लखनऊ ने अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले योग्य उम्मीदवारों के लिए अग्निवीर (क्लर्क/स्टोर कीपर टेक्निकल) भर्ती रैली आयोजित करने की घोषणा की है। यह भर्ती रैली आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस (ARO), लैंसडाउन द्वारा बंगाल इंजीनियर ग्रुप एंड सेंटर, रुड़की में आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य लखनऊ भर्ती कार्यालय के अंतर्गत आने वाले जिलों के योग्य युवाओं को भारतीय सेना में अग्निवीर (क्लर्क/स्टोर कीपर टेक्निकल) के रूप में भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर प्रदान करना है।

भर्ती प्रक्रिया के तहत उम्मीदवारों का फिजिकल फिटनेस टेस्ट/दौड़ 10 और 11 अक्टूबर 2026 को निर्धारित रैली स्थल पर आयोजित किया जाएगा। 10 अक्टूबर को औरैया, बांदा, बाराबंकी, चित्रकूट, फतेहपुर, हमीरपुर, कन्नौज, कानपुर देहात, लखनऊ, महोबा और उन्नाव जिलों के उम्मीदवार शारीरिक दक्षता परीक्षा में शामिल होंगे। वहीं, 11 अक्टूबर को कानपुर नगर और गोंडा जिलों के उम्मीदवारों की दौड़/फिजिकल फिटनेस टेस्ट आयोजित किया जाएगा।

अग्निवीर (क्लर्क/स्टोर कीपर टेक्निकल) के लिए एडमिट कार्ड 10 सितंबर 2026 तक जारी किए जाने हैं। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे आधिकारिक भर्ती पोर्टल से अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर उसमें दर्ज रिपोर्टिंग तिथि, समय, स्थान और आवश्यक निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें।

उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड में निर्धारित तिथि और समय के अनुसार ही बंगाल इंजीनियर ग्रुप एंड सेंटर, रुड़की पहुंचना होगा। भर्ती कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि उम्मीदवार देर से रिपोर्ट न करें तथा एडमिट कार्ड और आवश्यक दस्तावेजों के बिना रैली स्थल पर प्रवेश का प्रयास न करें।

Related Articles

Back to top button