
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा ने बुधवार जौनपुर जं. स्टेशन पर चल रहे यार्ड री-मॉडलिंग कार्य का निरीक्षण किया। इस अवसर पर मंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के अयोध्या कैंट (AYC)–अकबरपुर (ABP)–जफराबाद (ZBD) रेलखंड पर स्थित जौनपुर जं. स्टेशन पर यात्री सुविधाओं एवं रेल संचालन को अधिक सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने हेतु यार्ड री-मॉडलिंग कार्य किया जा रहा है। इस कार्य के अंतर्गत दिनांक 04.05.2026 से 27.05.2026 तक कुल 24 दिनों हेतु प्री-नॉन इंटरलॉकिंग/ब्लॉक लिया गया है। इस कार्य के अंतर्गत स्टेशन यार्ड, ट्रैक संरचना, पॉइंट एवं क्रॉसिंग तथा सिग्नलिंग प्रणाली का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने कार्यस्थल पर चल रहे ट्रैक, सिग्नल एवं विद्युत संबंधी कार्यों का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता एवं पूर्ण सुरक्षा मानकों के अनुरूप संपन्न करने के निर्देश दिए।

जौनपुर स्टेशन यार्ड री-मॉडलिंग कार्य के अंतर्गत रेलवे स्टेशन के ट्रैक एवं सिग्नलिंग सिस्टम को आधुनिक एवं अधिक सक्षम बनाया जा रहा है। इस परियोजना के अंतर्गत पुराने ट्रैक विन्यास में परिवर्तन कर अधिक उपयोगी ट्रैक लेआउट तैयार किया जा रहा है, जिससे ट्रेनों के आगमन एवं प्रस्थान के लिए बेहतर मार्ग उपलब्ध हो सकेंगे। साथ ही पुराने पॉइंट एवं क्रॉसिंग को बदलकर नई उच्च क्षमता वाली संरचनाएं स्थापित की जा रही हैं, जिससे ट्रेनों की गति एवं सुरक्षा में सुधार होगा।

इसके अतिरिक्त आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग एवं सिग्नलिंग प्रणाली स्थापित की जा रही है, जिससे रेल संचालन अधिक सुरक्षित एवं नियंत्रित हो सकेगा। ट्रैक परिवर्तन के अनुरूप ओवरहेड इलेक्ट्रिक वायर एवं पोल की स्थिति में भी आवश्यक संशोधन किए जा रहे हैं। परियोजना के अंतर्गत प्लेटफॉर्म कनेक्टिविटी को भी बेहतर बनाया जा रहा है, जिससे एक साथ अधिक ट्रेनों की क्षमता विकसित होगी तथा ट्रेनों की क्रॉसिंग में लगने वाला समय कम होगा।
अपने इस निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने लोको पायलट एवं ट्रेन मैनेजर, रनिंग रूम का भी जायज लिया, उपस्थित गार्ड एवं ड्राइवर से रनिंग रूम मे मिलने वाले खाने की गुणवत्ता के बारे मे जानकारी ली एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया, उन्होंने पावर केबिन पहुच कर कार्यरत कर्मचारी के ज्ञान को परखा l निरीक्षण के अगले क्रम मे मंडल रेल प्रबंधक ने अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत योजना के तहत नई स्टेशन बिल्डिंग के निर्माण कार्यों को देखा एवं कटेहरी- गोसाईगंज के मध्य गेट संख्या 92C पर बन रहे अंडर पास का निरीक्षण किया एवं आवश्यक दिशा निर्देश दिए l

मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि यार्ड री-मॉडलिंग कार्य पूर्ण होने के उपरांत इस रेल खंड पर ट्रेन संचालन में गति एवं समयबद्धता में सुधार होगा। इससे यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित एवं अधिक सुविधाजनक रेल सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी तथा भविष्य की बढ़ती रेल यातायात आवश्यकताओं के अनुरूप स्टेशन की क्षमता में भी वृद्धि होगी।