लखनऊ रेलवे स्टेशन पर 137 ग्राम हेरोइन सहित तस्कर गिरफ्तार

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन नार्कोस” के तहत एक बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। शुक्रवार 31 जुलाई 2026 की रात एनसीबी (लखनऊ), रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट लखनऊ, सीआईबी लखनऊ तथा पूर्वोत्तर रेलवे की संयुक्त टीम ने चारबाग रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 2/3 के पश्चिमी छोर पर कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से तीन पैकेटों में रखी 137 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 27.40 लाख रुपये आंकी गई है।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान गुरमेज सिंह (23 वर्ष), निवासी जनपद पीलीभीत, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह यह हेरोइन लखीमपुर खीरी से लखनऊ लाया था तथा उसे यशवंतपुर एक्सप्रेस से बेंगलुरु ले जाकर किसी व्यक्ति को सौंपना था। बरामदगी के संबंध में एनसीबी, लखनऊ द्वारा एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच एनसीबी, लखनऊ द्वारा की जा रही है।

उत्तर रेलवे यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा रेलवे परिसरों को नशा तस्करी एवं अन्य अवैध गतिविधियों से मुक्त रखने के लिए सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर लगातार अभियान चला रहा है।

Related Articles

Back to top button