
एसबीएसएस, नई दिल्ली : यात्रियों के सामान, विशेषकर लैपटॉप चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में रेलवे सुरक्षा बल (RPF), दिल्ली मंडल ने बड़ी सफलता हासिल की है। निरंतर सीसीटीवी निगरानी और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरपीएफ ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से एक शातिर चोर को लैपटॉप बैग सहित रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
रेल मदद और 139 हेल्पलाइन पर लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए आरपीएफ ने दो विशेष टीमों का गठन किया था। टीमों ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर एक संदिग्ध की पहचान की और उसे नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के फुट ओवर ब्रिज (FOB) पर दबोच लिया। आरोपी की पहचान शादाब (उम्र 25 वर्ष), निवासी मुंडाली, मेरठ के रूप में हुई है। आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उसे बरामद सामान सहित जीआरपी को सौंप दिया गया है, जहां भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत ई-एफआईआर दर्ज की गई है।
पूछताछ में आरोपी ने लैपटॉप चोरी की लगभग 12-15 घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसने बताया कि वह चोरी के लैपटॉप निर्माण विहार स्थित ‘सिल्वर इम्पैक्ट शॉप’ में बेचता था। इस सूचना पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने उक्त दुकान पर छापेमारी कर कुल 11 लैपटॉप बरामद किए। जांच में इनमें से 03 लैपटॉप पहले से दर्ज ई-एफआईआर से मेल खा चुके हैं, जबकि शेष 08 लैपटॉपों के सत्यापन की कार्रवाई जारी है।
दिल्ली मंडल के मंडल रेल प्रबंधक पुष्पेश रमण त्रिपाठी ने आरपीएफ टीम के समर्पित प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यात्रियों और उनके सामान की सुरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है।