
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, दिल्ली-एनसीआर : भारत और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के मजबूत होते संबंधों के बीच बीएनडब्ल्यू डेवलपमेंट्स के चेयरमैन एवं संस्थापक डॉ. (सीए) अंकुर अग्रवाल को अबू धाबी में आयोजित आठवें नेशनल फेस्टिवल ऑफ टॉलरेंस एंड को-एक्जिस्टेंस में सम्मानित किया गया। यूएई के सहिष्णुता एवं सह-अस्तित्व मंत्री शेख नहयान बिन मुबारक अल नहयान ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया। इस वर्ष भारत महोत्सव में कंट्री गेस्ट ऑफ ऑनर रहा।
यूएई के सहिष्णुता एवं सह-अस्तित्व मंत्रालय की ओर से 13 से 15 नवंबर 2026 तक उम्म अल इमारात पार्क में आयोजित इस महोत्सव की थीम ‘ग्रोइंग इन यूनिटी’ रही। इसमें 22 देशों के प्रतिनिधियों और विभिन्न सांस्कृतिक समुदायों ने भाग लिया। उद्घाटन समारोह में 7,000 से अधिक लोग शामिल हुए, जिनमें 60 से अधिक देशों के राजदूत, वरिष्ठ सरकारी अधिकारी और राजनयिक प्रतिनिधि मौजूद रहे।
इस अवसर पर शेख नहयान ने यूएई के विकास और सामाजिक-सांस्कृतिक परिवेश में भारतीय समुदाय के योगदान की सराहना की। महोत्सव में भारतीय पारंपरिक प्रस्तुतियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से देश की विविधता प्रदर्शित की गई।
डॉ. अंकुर अग्रवाल के लिए यह सम्मान भारत और यूएई के बीच आर्थिक, सांस्कृतिक एवं व्यावसायिक संबंधों में भारतीय उद्यमियों की भूमिका को रेखांकित करता है। बीएनडब्ल्यू डेवलपमेंट्स के माध्यम से वे यूएई के रियल एस्टेट क्षेत्र में सक्रिय हैं और आवासीय परियोजनाओं के विकास में योगदान दे रहे हैं।
भारत और यूएई के बीच वित्त वर्ष 2025-26 में द्विपक्षीय व्यापार लगभग 101.25 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंचने का उल्लेख किया गया है। दोनों देशों ने 2032 तक इसे 200 अरब डॉलर तक ले जाने का लक्ष्य रखा है।
यह आयोजन दोनों देशों के बीच व्यापारिक साझेदारी के साथ सांस्कृतिक आदान-प्रदान, आपसी विश्वास और सह-अस्तित्व के साझा मूल्यों को भी मजबूत करने का अवसर बना।
