68,500 शिक्षक भर्ती आरक्षण विसंगति: 79 दिनों से धरनारत अभ्यर्थियों ने मंत्री अनिल राजभर के आवास पर किया प्रदर्शन

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : 68,500 सहायक अध्यापक भर्ती-2018 में आरक्षण विसंगति के मामले में न्याय की मांग को लेकर इको गार्डन में पिछले 79 दिनों से धरना दे रहे अभ्यर्थियों ने मंगलवार को कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर के आवास पर प्रदर्शन किया। सुबह करीब 11 बजे सैकड़ों की संख्या में पहुंचे अभ्यर्थियों ने सड़क पर बैठकर सरकार से शीघ्र न्याय की मांग उठाई।

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे तूफान सिंह ने मांग की कि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग और राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेशों का पालन करते हुए ओबीसी अभ्यर्थियों को आरक्षण का उचित लाभ दिया जाए। भर्ती परिणाम में हुई विसंगति का संशोधन कर पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जाए और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई हो।

सह नेतृत्वकर्ता आशुतोष वर्मा ने कहा कि 10 सितंबर को बेसिक शिक्षा मंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में भी भर्ती में आरक्षण संबंधी त्रुटि सामने आई थी। इसके बावजूद अब तक अंतिम निर्णय नहीं हुआ। उन्होंने मंत्री से प्रकरण मुख्यमंत्री के समक्ष उठाने की मांग की। धरना प्रभारी नवीन चौधरी ने कहा कि न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा। महिला मोर्चा प्रमुख रंजना जायसवाल ने बताया कि 13 नवंबर को राष्ट्रपति कार्यालय से भी प्रमुख सचिव, उत्तर प्रदेश सरकार को इस मामले में पत्र भेजा गया है।

प्रदर्शन के बाद मंत्री के कार्यालय प्रभारी ने अभ्यर्थियों को आवास के अंदर बुलाकर बैठाया। बाद में मंत्री अनिल राजभर ने विधानसभा सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में प्रतिनिधिमंडल से विस्तृत वार्ता की। उन्होंने प्रकरण मुख्यमंत्री के विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) के समक्ष रखते हुए संबंधित तथ्यों और मांगों को प्रेषित किया।

मंत्री ने आश्वासन दिया कि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की उपस्थिति में अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने दो से तीन दिन का समय मांगते हुए मामले में उचित पहल का भरोसा दिलाया।

प्रतिनिधिमंडल में तूफान सिंह, आशुतोष वर्मा, नवीन चौधरी, रंजना जायसवाल और सच्चिदानंद शामिल रहे। प्रदर्शन में सैकड़ों अभ्यर्थियों ने भाग लिया।

Related Articles

Back to top button