
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ / अयोध्या : उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के मण्डल रेल प्रबंधक, सुनील कुमार वर्मा ने मंगलवार लखनऊ से अयोध्या धाम तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण कर रेल पथ की संरक्षा एवं संरक्षा मानकों का गहन अवलोकन किया।

इस रेल खंड पर मण्डल रेल प्रबंधक ने रौजागांव तथा रुदौली स्टेशनों का भी निरीक्षण किया। रौजागांव एवं रुदौली स्टेशनों पर मण्डल रेल प्रबंधक ने स्टेशन मास्टर कक्ष, रेल परिचालन व्यवस्था तथा स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया एवं स्टेशन परिसर की स्वच्छता एवं परिचालन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सम्बंधितों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। रुदौली स्टेशन पर आपने विधायक, रुदौली, रामचन्द्र यादव से शिष्टाचार भेंट की।

इस दौरान स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं के विस्तार एवं विकास कार्यों पर विस्तृत चर्चा हुई। इसके उपरांत मण्डल रेल प्रबंधक ने अयोध्या कैंट एवं अयोध्या धाम रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया। आगामी सावन माह में श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए उन्होंने स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया, सुरक्षा व्यवस्था, यात्री सुविधाओं, सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष तथा भीड़ प्रबंधन की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। अयोध्या धाम स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर सिग्नल व्यवस्था से संबंधित चल रहे कार्यों का भी निरीक्षण कर अधिकारियों को समयबद्ध रूप से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मंगलवार 21 जुलाई, 2026 को आंध्र प्रदेश के अनाकापल्ली से लगभग 1,500 श्रद्धालुओं को लेकर पहुँची आध्यात्मिक विशेष ट्रेन का अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर मण्डल रेल प्रबंधक की उपस्थिति मे भव्य स्वागत किया गया। स्टेशन पर श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा के साथ अभिनंदन किया गया।

मण्डल रेल प्रबंधक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सावन मेले के दौरान यात्रियों एवं श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ उच्च गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित की जाएँ तथा भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा एवं स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए।