जम्मू तवी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए आइसक्रीम सुविधा की शुरुआत

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जम्मू : जम्मू तवी रेलवे स्टेशन पर भीषण गर्मी के इस मौसम में यात्रियों की सुविधा और सेवा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने एक और महत्वपूर्ण एवं सराहनीय पहल की है। स्टेशन परिसर में यात्रियों के लिए विशेष रूप से उच्च गुणवत्ता वाले आइसक्रीम पार्लर की सुविधा जून माह से शुरू की जा रही है, ताकि सफर कर रहे लोगों को चिलचिलाती धूप और तपती गर्मी से तुरंत राहत मिल सके।

इस नई सुविधा का औपचारिक विवरण साझा करते हुए वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, उचित सिंघल ने अपने आधिकारिक बयान में कहा : “रेलवे प्रशासन अपने सम्मानित यात्रियों को हर मौसम में बेहतर और आरामदायक यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जम्मू में इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है और ऐसे में स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों, विशेषकर छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को ठंडक व राहत पहुंचाने के उद्देश्य से यह विशेष पहल की गई है। प्रतिष्ठित व अनुमोदित ब्रांड्स की गुणवत्तापूर्ण आइसक्रीम निर्धारित दरों पर उपलब्ध कराई जाएगी। यह सुविधा धीरे-धीरे मंडल के सभी रेलवे स्टेशनों पर उपलब्ध करवाने का प्रयास जारी है। यात्रियों की जरूरतों को देखते हुए भविष्य में भी इस प्रकार की यात्री-केंद्रित सुविधाओं का विस्तार जारी रहेगा।”

लंबी दूरी के यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

जम्मू तवी रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन हजारों की संख्या में माता वैष्णो देवी के दर्शन करने वाले श्रद्धालु और देश के कोने-कोने से आने वाले पर्यटक पहुंचते हैं। ट्रेनों के इंतजार के दौरान या लंबी दूरी का सफर तय करने के बाद, स्टेशन परिसर में ही ठंडी और गुणवत्तापूर्ण आइसक्रीम की उपलब्धता यात्रियों के लिए बेहद सुलभ और आरामदायक साबित होगी।

रेलवे की प्राथमिकताओं में शामिल है यात्री सुविधा

आइसक्रीम पार्लर पर साफ-सफाई और गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखा जाएगा। स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव और भीड़-भाड़ वाले समय में भी यात्रियों को त्वरित सेवा मिले, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। स्थानीय यात्रियों के साथ-साथ दूर-दराज से आने वाले यात्रियों को भी बेहतर आनंद का अनुभव होगा।

Related Articles

Back to top button