
अशोक यादव, लखनऊ : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने उत्तर प्रदेश में संगठन को नए सिरे से धार देने के लिए एक बड़ा संगठनात्मक फेरबदल किया है। कांग्रेस आलाकमान ने वरिष्ठ महिला नेत्री और विधायक आराधना मिश्रा “मोना” को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (UPCC) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। वह वर्तमान में प्रतापगढ़ जनपद की रामपुर खास विधानसभा सीट से लगातार तीसरी बार चुनी गई बेहद लोकप्रिय विधायक हैं और सदन में कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता के रूप में भी अपनी प्रखर भूमिका निभा चुकी हैं।
प्रमोद तिवारी की राजनीतिक विरासत को मिला नया विस्तार
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ” मोना” का नाता उत्तर प्रदेश के एक प्रतिष्ठित और बेहद रसूखदार राजनीतिक परिवार से है। मोना के पिता प्रमोद तिवारी वर्तमान में राज्यसभा सांसद हैं और देश के संसदीय इतिहास में लगातार नौ बार एक ही विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहने का अद्वितीय कीर्तिमान उनके नाम दर्ज है। पिता की इसी मजबूत राजनीतिक विरासत और सांगठनिक कुशलता को आगे बढ़ाते हुए आराधना मिश्रा ने सूबे में जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं के बीच अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है।
मिशन 2027 और संगठन की मजबूती पर रहेगा मुख्य फोकस
राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि आराधना मिश्रा “मोना” को यूपी की कमान सौंपे जाने से राज्य में कांग्रेस संगठन, विशेषकर महिलाओं और युवाओं के बीच एक नई ऊर्जा का संचार होगा। पदभार ग्रहण करने के विधिक और सांगठनिक फैसलों के बीच नए प्रदेश अध्यक्ष के सामने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के मद्देनजर पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा विपक्षी दलों के साथ गठबंधन और रणनीतिक संतुलन बनाए रखने की एक अत्यंत महत्वपूर्ण चुनौती होगी। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने भरोसा जताया है कि उनकी वाक्पटुता और प्रशासनिक अनुभव का लाभ उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के पुनरुद्धार के संकल्प को सिद्ध करने में मील का पत्थर साबित होगा।

