
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, चित्रकूट : जिला मुख्यालय के कछार पुरवा में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के पंचम दिवस पर भगवान श्रीकृष्ण की मनोहारी बाल लीलाओं के प्रसंगों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कथा व्यास भागवताचार्य पूज्य श्री कृष्णनंदन जी महाराज ने माखन चोरी, ग्वाल-बालों के साथ बाल लीलाओं तथा गोवर्धन पूजा का संगीतमय एवं भावपूर्ण वर्णन किया। कथा स्थल पर भक्ति और श्रद्धा का वातावरण बना रहा।
महाराज जी ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की प्रत्येक लीला में गहरा आध्यात्मिक संदेश छिपा है। उनकी बाल लीलाएं प्रेम, वात्सल्य, निश्छलता और भक्ति की अनुपम अभिव्यक्ति हैं। भगवान अपने भक्तों के प्रेम और भाव के अधीन रहते हैं।
गोवर्धन लीला का वर्णन करते हुए उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उठाकर देवराज इंद्र के अहंकार को समाप्त किया और ब्रजवासियों की रक्षा की। इस प्रसंग से मनुष्य को अहंकार त्यागकर विनम्रता अपनाने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और उसके संरक्षण का भी संदेश देती है। पर्वत, नदियां, वृक्ष और गौ माता मानव जीवन के महत्वपूर्ण आधार हैं, इसलिए इनका संरक्षण प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है।

महाराज जी ने कहा कि सच्ची भक्ति केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है। जीवों पर दया, गौ सेवा, जरूरतमंदों की सहायता और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन भी भक्ति के महत्वपूर्ण स्वरूप हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रेम, सद्भाव, परोपकार और सदाचार को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मुख्य यजमान राधेरमण पयासी, क्षेमवती, रामसूरत पयासी, सावित्री देवी, अनूप पयासी, चित्रकूट प्रेस क्लब अध्यक्ष सत्यप्रकाश द्विवेदी, वरिष्ठ पत्रकार निरंजन मिश्र, सुनील कुमार पयासी, लवकुश कुमार पयासी, देवेंद्र कुमार पांडेय, जावित्री एवं सतरूपा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
