
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : 68,500 सहायक अध्यापक भर्ती-2018 में आरक्षण विसंगति के मामले में न्याय की मांग को लेकर लखनऊ के इको गार्डन में अनवरत धरना दे रहे अभ्यर्थियों ने रविवार को धरना स्थल पर ही छठ पर्व मनाया। पिछले 76 दिनों से आंदोलनरत अभ्यर्थियों ने घर-परिवार से दूर रहकर नवरात्रि, दशहरा, करवा चौथ, दीपावली और भाई दूज के बाद अब छठ का त्योहार भी धरना स्थल पर मनाया। इस दौरान अभ्यर्थियों ने छठी मइया से अपनी न्याय की लड़ाई में सफलता तथा परिवारों की सुख-समृद्धि की कामना की।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे तूफान सिंह और आशुतोष वर्मा ने बताया कि 68,500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण विसंगति से प्रभावित अभ्यर्थी पिछले कई वर्षों से न्याय के लिए संघर्ष कर रहे हैं। पिछले 76 दिनों से इको गार्डन में धरना देकर शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया जा रहा है। दस्तक दो अभियान के तहत प्रदेश के सभी कैबिनेट मंत्रियों के आवास पर भी जाकर अपनी मांगें रखी गईं। मंत्रियों की ओर से आश्वासन मिलने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है।
अभ्यर्थियों की प्रमुख मांग है कि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग, राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग और विधान परिषद की सामाजिक न्याय एवं सद्भावना समिति की संस्तुतियों का अनुपालन कराया जाए। ओबीसी अभ्यर्थियों का परिणाम 150 पूर्णांक में 60 अंक यानी 40 प्रतिशत के आधार पर संशोधित कर पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जाए। साथ ही आरक्षण विसंगतियों के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाए।

धरना प्रभारी नवीन चौधरी ने कहा कि त्योहारों पर भी अभ्यर्थी परिवार से दूर रहने को मजबूर हैं। उनकी लड़ाई किसी विशेष लाभ के लिए नहीं, बल्कि न्याय और संवैधानिक आरक्षण व्यवस्था के अनुरूप अधिकारों के लिए है। मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
इस अवसर पर विनोद प्रजापति, घनश्याम, सतेंद्र, सत्यप्रकाश, मनोज, सुमन, आरती वर्मा, रंजना जायसवाल, राहुल कुमार, आरपी यादव, विजय चौहान सहित सैकड़ों अभ्यर्थी उपस्थित रहे।