
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : यात्रियों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खानपान सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मण्डल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन में तथा वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबंधक अरिजीत सिंह के दिशानिर्देशन में सहायक वाणिज्य प्रबंधक / पीएम ओमकारनाथ वर्मा द्वारा नियमित जांच के क्रम में ट्रेन संख्या 20103 की पेंट्रीकार का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान आईआरसीटीसी के अधिकृत सेवा प्रदाता मेसर्स एक्सप्रेस फूड सर्विस के नामित पेंट्री मैनेजर ट्रेन में उपस्थित नहीं थे। उनके स्थान पर सहायक पेंट्री मैनेजर द्वारा पेंट्रीकार का संचालन किया जा रहा था। पेंट्री स्टोर की गहन जांच के दौरान “EOINITA” ब्रांड के 95 कार्टन (1140 बोतल) पैकेज्ड पेयजल भंडारित पाए गए, जो रेलवे/आईआरसीटीसी द्वारा अनुमोदित ब्रांडों में शामिल नहीं है।
यात्रियों के हितों को ध्यान में रखते हुए उक्त समस्त स्टॉक को तत्काल जब्त कर लिया गया। जब्त किए गए पैकेज्ड पेयजल को गोंडा जं0 स्टेशन पर उतारकर सुरक्षित अभिरक्षा हेतु एलपीओ/गोंडा को सुपुर्द कर दिया गया। इस दौरान मंडल के कैटरिंग इंस्पेक्टर के. के. शर्मा, फरीद अहमद तथा अन्य वाणिज्यिक कर्मचारी उपस्थित थे।

रेलवे प्रशासन यात्रियों को केवल स्वीकृत एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इस प्रकार की अनियमितताओं को रोकने हेतु ट्रेनों एवं स्टेशनों पर नियमित निरीक्षण अभियान निरंतर चलाए जा रहे हैं। मामले में संबंधित एजेंसी एवं जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध रेलवे नियमों एवं संविदा प्रावधानों के अंतर्गत नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
